
Jharkhand extended lockdown restrictions up to September 30 due to COVID-19
रांची। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को देखते हुए देश में तमाम राज्य सरकारें कई कड़े कदम उठा रही हैं। इन सबके बीच शुक्रवार शाम को झारखंड सरकार ने प्रदेश में कोरोना वायरस लॉकडाउन के प्रतिबंध आगामी 30 सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा की है। झारखंड सरकार के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी गई है।
मुख्य सचिव ने केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में विभिन्न मौकों पर कोरोना वायरस को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए लिखा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 में प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए प्रदेश सरकार आगामी 30 सितंबर तक लॉकडाउन संबंधी दिशा-निर्देशों को बढ़ा रही है। यह दिशा-निर्देश प्रदेश में कोरोना वायरस के मौजूदा कंटेनमेंट जोन में लागू लॉकडाउन के लिए लागू रहेंगे।
अधिसूचना के मुताबिक झारखंड के सभी जिला प्रशासन कंटेनमेंट जोन में इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना सुनिश्चित करेंगे। इन दिशा-निर्देशों में कंटेनमेंट जोन के बाहर वो सभी आर्थिक गतिविधियां जिन्हें विशिष्ट रूप से प्रतिबंधित ना किया गया हो, जारी रखने की अनुमति दी जाती है।
वहीं, प्रतिबंधित रहने वाली गतिविधियों में सभी तरह की सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, मेला, जुलूस और अन्य बड़ी भीड़ वाले आयोजन शामिल हैं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, शैक्षिक, प्रशिक्षण, कोचिंग संस्थान भी बंद रहेंगे।
इसके साथ ही सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, जिम, मनोरंजन पार्क, थियेटर, बार, ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल और ऐसे ही अन्य स्थानों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। इस दौरान बस द्वारा अंतरराज्यीय परिवहन पर पाबंदी रहेगी। जबकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को छोड़कर विशिष्ट धार्मिक स्थानों को छोड़कर बाकी सभी जनता के लिए बंद रहेंगे।
गौरतलब है कि देश में कई राज्यों में लॉकडाउन लागू किया गया है। इनमें बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्य शामिल हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर एहतियातन उपाय अपनाते हुए सभी राज्यों ने अलग-अलग ढंग से लॉकडाउन के प्रतिबंध लागू किए हैं। कई राज्यों ने अपने यहां सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू किया है, तो कई ने नाइट कर्फ्यू के वक्त में बढ़ोतरी कर दी है।
Updated on:
29 Aug 2020 12:18 am
Published on:
29 Aug 2020 12:01 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
