
जम्मू कश्मीर: आतंकवादियों ने घर में घुसकर नागरिक को किया अगवा, गोलियों से छलनी मिला शव
श्रीनगर। रविवार को एक बार फिर से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर आई। हालांकि इस बार आतंकी सुरक्षाबलों के हाथ नहीं आए। खबरों के मुताबिक दहशतगर्द सुरक्षाबलों की घेराबंदी से भाग गए। हिजबुल कमांडर समेत तीन आतंकी भागने की खबर है। इससे पहले शोपियां में सुरक्षाबलों ने दहशतगर्दों को लड्डी इमामसाहब गांव में घेर लिया था दो-तीन आतंकियों छिपे होने की आशंका थी। खबरों के अनुसार सुरक्षाबलों ने शोपियां के लड्डी इमामसाहब गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद भारतीय जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। बता दें कि जारी आतंकियों के खिलाफ इस संयुक्त अभियान में पुलिस के विशेष संचालन समूह (एसओजी), सेना के 44 आरआर और सीआरपीएफ के जवान शामिल रहे।
बांदीपोरा में तीन आतंकी ढेर
इससे पहले शनिवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई। बांदीपोरा एनकाउंटर में सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया। आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। हालांकि इस एनकाउंटर में एक जवान भी शहीद हो गया। आतंकियों के मारे जाने की जानकारी देते हुए जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी एसपी वैद्य ने ट्वीट भी किया।
ऑपरेशन ऑलआउट जारी
सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की एक नई हिट-लिस्ट जारी की, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद (JeM), हिजबुल मुजाहिदीन (HM), लश्कर-ए-तैयबा (LeT), अल बद्र, अंसार गजवात-उल-हिन्द के नाम शामिल हैं। बता दें कि भारतीय सेना ने घाटी में शांति फिर से बहाल करने और आतंकियों को पस्त करने के लिए ऑपरेशन ऑलआउट चलाया हुआ है। इस ऑपरेशन के तहत लगातार आतंकी जमींदोज हो रहे हैं। एक दिन पहले ही आई रिपोर्ट में बताया गया था कि इस साल अगस्त महीने में सबसे ज्यादा 25 आतंकी मुठभेड़ में मारे गए हैं।
सुरक्षाबलों के रिश्तेदारों को किया अगवा
दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों ने गुरुवार को स्थानीय पुलिसकर्मियों के कई रिश्तेदारों को अगवा कर लिया था। मीडिया में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक कुल 11 लोगों को आतंकियों ने अपने कब्जे में ले लिया था। हालांकि करीब 12 घंटे तक सेना के जबरदस्त सर्च ऑपरेशन से घबराए आतंकियों ने सभी को रिहा कर दिया था।
Updated on:
2 Sep 2018, 9:33 AM IST
Published on:
2 Sep 2018, 8:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.