
नई दिल्ली। अभिनेता से नेता बने रजनीकांत को जल्द ही राजनीति में सुपरस्टार कमल हासन के साथ देखा जा सकता है। इस बात के कयास लंबे समय से लगाए जा रहे थे लेकिन रविवार दोनों के बीच हुई मुलाकात ने इसे पुख्ता कर दिया। अचानक हुई इस मुलाकात से सियासी गलियारे में चर्चा का माहौल गरम कर दिया है। कमल हासन ने इसे शिष्टाचार के नाते भेंट बताया, तो सुपरस्टार ने कहा कि हम दोनों का तरीका अलग-अलग है।
21 फरवरी से राजनीतिक सफर की शुरुआत
हासन बुधवार को तमिलनाडु के रामेश्वरम से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा शुरू करने जा रहे हैं और इस यात्रा को शुरू करने से पहले वह जिन लोगों को पसंद करते हैं, उनसे मुलाकात करना चाहेंगे। 21 फरवरी से उनका राज्यव्यापी दौरा रामेश्वरम में पूर्व राष्ट्रपति स्व. एपीजे अब्दुल कलाम के आवास से शुरू होगा। संभवत: उसी दिन अपनी पार्टी का नाम भी सार्वजनिक करेंगे।
मेरा और कमल का तरीका अलग-अलग: रजनीकांत
सुपरस्टार रजनीकांत ने पत्रकारों से कहा, जल्द ही अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने जा रहे मेरे मित्र कमल हासन मदुरै में इस सिलसिले में होने वाली जनसभा के लिए न्यौता देने आए थे। मैंने उनको शुभकामना दीं। कमल हासन नाम, धन अथवा ख्याति की वजह से राजनीति में नहीं आए हैं, वे जनता के हित मात्र को ध्यान में रखते हुए राजनीति में उतरे हैं। उनका यह उद्देश्य कामयाब हो, इसकी भगवान से प्रार्थना करता हूं। सिनेमा की दुनिया में मेरा और उनके काम करने का तरीका अलग-अलग था। राजनीति में भी हमारी शैली अलग-अलग ही होगी, लेकिन हमारा मकसद जनकल्याण ही है।
Published on:
18 Feb 2018 07:30 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
