
ओडिशा में भारी बारिश से फीका पड़ा आजादी का जश्न, जल प्रलय से सब तबाह
नई दिल्ली। ओडिशा में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है, दूसरी ओर मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है। इससे स्वतंत्रता दिवस का जश्न भी फीका पड़ा है। ओडिशा में आई जल प्रलय का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में आप देख सकते हैं तेज बारिश की वजह से चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। भारी बारिश के चलते यहां बाढ़ के हालात बन गए हैं...मंदिर के पास से गुजरता पानी का बहाव आपको सोचने पर मजबूर कर देगा।
राज्य सरकार ने बरिश के कारण सूबे के जिलाधिकारियों को अलर्ट किया है, वहीं पूर्व तट रेलवे ने अपने कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर पटरियों पर बाढ़ का पानी आने के मद्देनजर चौकस रहने को कहा है। मौसम विभाग ने बुलेटिन जारी कर कहा है कि बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने ओडिशा के बारगढ़, नुआपाड़ा, बलनगिर, सुरेंद्रगढ़, झारसुगुड़ा और सम्बलपुर जिलों में कल एक या दो स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश होने का अनुमान लगाया है। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय सूत्र ने बताया कि मलकानगिरी, रायगढ़ा, करापुट, कालाहांडी और कुछ अन्य जिलों में स्थिति बदतर हो गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में औसतन 31.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश कहर बरपा रही है. केरल जहां बाढ़ और भारी बारिश से जूझ रहा है वहीं, तमिलनाडु, कर्नाटक में आज मौसम विभाग ने बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई में भी पिछले दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश इसी तरह जारी रहेगी। एर्नाकुलम में तो प्रशासन ने भारी बारिश के कारण स्कूल कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. अलप्पुजा में तो अचंकोइल नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
इन राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से केरल, तमिलनाड़ु,महाराष्ट्र,प.बंगाल,गोवा,उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश,कोलकाता,दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में अगले 36 घंटे भारी से भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Published on:
16 Aug 2018, 10:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.