
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में रविदास मंदिर को तोड़े जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार देर रात भड़की हिंसा में अब तक 90 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हैं। वहीं, चंद्रशेखर की गिरफ्तारी पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि दलितों का अपमान बर्दाश्त से बाहर है।
चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी ने दो ट्वीट किए। प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा कि भाजपा सरकार पहले करोड़ों दलित बहनों-भाइयों की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक रविदास मंदिर स्थल से खिलवाड़ करती है और जब देश की राजधानी में हजारों दलित भाई-बहन अपनी आवाज़ उठाते हैं तो भाजपा उन पर लाठी बरसाती है। आंसू गैस चलवाती है और गिरफ्तार करती है।
वहीं, एक अन्य ट्वीट में प्रियंका गांधी ने लिखा, 'दलितों की आवाज का ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है। यह एक जज़्बाती मामला है उनकी आवाज का आदर होना चाहिए।'
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर रविदास मंदिर ढहाए जाने के विरोध में बुधवार को राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बवाल हुआ।
वहीं, तुगलकाबाद इलाके में कई जगहों पर आगजनी और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इस हिंसा के दौरान 15 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जबकि अब तक 90 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों पर दंगा फैलाने, सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपियों को आज साकेत कोर्ट में पेश किया गया जाएगा।
Updated on:
22 Aug 2019 11:50 am
Published on:
22 Aug 2019 09:44 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
