5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तुलसीदास पर निबंध लिखो, रूबी ने लिखा: तुलसीदास प्रणाम

बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि रूबी साक्षात्कार में पूरी तरह असफल साबित हुई, 12वीं का उसका परिणाम रद्द

3 min read
Google source verification

image

Rakesh Mishra

Jun 26, 2016

Ruby Rai

Ruby Rai

पटना। बिहार में हुए बहुचर्चित टॉपर्स घोटाले में इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कला संकाय की टॉपर और बिशुनराय कॉलेज की छात्रा रूबी राय और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह के निजी सचिव (पीए) रहे विकास चंद्रा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। रूबी अपनी मेधा साबित करने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) कार्यालय पहुंची थी।

रूबी का परीक्षा परिणाम हुआ रद्द
पटना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टॉपर्स घोटाले की जांच में जुटी विशेष जांच दल (एसआईटी) ने रूबी को बोर्ड कार्यालय से गिरफ्तार किया है। परीक्षा बोर्ड की ओर से विशेषज्ञों की टीम ने रूबी राय का साक्षात्कार लिया, जिसमें रूबी असफल साबित हुई। समिति के अधिकारियों के मुताबिक, रूबी सामान्य सवालों का भी जवाब नहीं दे पाई। बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि रूबी साक्षात्कार में पूरी तरह असफल साबित हुई। 12वीं का उसका परिणाम रद्द कर दिया गया है।

काउ तक की स्पेलिंग नहीं लिख पाई रूबी

जब एक्सपर्ट ने रूबी को तुलसीदास पर निबंध लिखने को कहा तो उसने पहले तुलसीदास को प्रणाम किया और पूरा पेज खाली छोड़ दिया। वहीं इंग्लिश में द काउ पर निबंध लिखने को दिया गया तो रूबी काउ की स्पेलिंग भी नहीं लिख पाई। सबसे पहले एक्सपर्ट ने नाम के साथ रोल नंबर और रोल कोड लिखने को कहा, लेकिन रूबी राय रोल कोड और रोल नंबर की स्पेलिंग तक सही से नहीं लिख पाई। इस दौरान रूबी ने कहा कि उसने दो साल पढ़ाई की, इंटर की परीक्षा दी, लेकिन अब कुछ याद नहीं है। मेरा दिमाग नर्वस हो गया है। इस पर एक्सपर्ट ने कहा कि जो आता है तुम वही लिखो, इसके बावजूद वो एक लाइन नहीं लिख पा रही थी।

जवाब नहीं दूंगी तो क्या जान से मार डालिएगा
इतना ही नहीं जब रूबी से पूछा गया कि राजनीति विज्ञान में क्या पढ़ाया जाता है तो जवाब था कि राजनीति जो करते हैं, वही राजनीति विज्ञान में पढ़ाई होती है। रूबी होम साइंस के एक भी प्रश्न का जवाब नहीं दे पाई। वहीं हिंदी में संधि विच्छेद करने को दिया गया तो वो भी नहीं कर पाई। योग्यता परीक्षा में फेल होने वाली रूबी को जब पुलिसकर्मी मुंह ढंककर बाहर निकाल रहे थे तो उसने इसका विरोध भी किया। रूबी ने कहा कि मैं मुंह ढंककर बाहर नहीं जाऊंगी, जैसे आई थी वैसे ही जाऊंगी, लेकिन पुलिसकर्मी ने उसे मुंह पर कपड़ा रख कर बाहर निकाला और अपने साथ ले गई। जब टेस्ट देने के बाद रूबी राय बाहर आई तो सारे मीडिया कर्मी प्रश्न पूछने लगे। इस पर रूबी राय ने कहा कि जवाब नहीं दूंगी तो क्या जान से मार डालिएगा... मैं नहीं दूंगी जवाब।

विज्ञान टॉपर्स का भी रद्द हो चुका है परीक्षा परिणाम
बिहार टॉपर्स घोटाले का खुलासा मीडिया के माध्यम से हुआ था। इस वर्ष आयोजित 12वीं की परीक्षा के परिणाम में टॉपर आए छात्रों के मामले में घोटाला सामने आने पर समिति ने विशेषज्ञों की एक टीम बनाई थी और 14 टॉपरों को तीन जून को साक्षात्कार के लिए बुलाया था। विशेषज्ञों द्वारा लिए गए साक्षात्कार के बाद विज्ञान संकाय के टॉपर्स बने सौरभ श्रेष्ठ और राहुल कुमार का परीक्षा परिणाम पहले ही रद्द कर दिया गया था, इस साक्षात्कार में रूबी नहीं पहुंची थी।

अब तक 18 लोगों की हुई गिरफ्तारी
इसके बाद समिति ने 11 जून को रूबी को दूसरा मौका दिया था, लेकिन उस दिन भी रूबी नहीं पहुंची। बोर्ड ने बाद में रूबी के साक्षात्कार के लिए अंतिम तिथि 25 जून को निर्धारित की थी। इधर, पुलिस ने बीएसईबी के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह के निजी सचिव विकास चंद्रा को पटना से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में पुलिस ने अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसआईटी जांच की कमान संभाल रहे पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने शनिवार को बताया कि इस मामले में विकास को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में विकास ने घोटाले को लेकर कई राज खोले हैं। विकास ने इस पूरे मामले में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। विकास ने स्वीकार किया है कि यह मामला चार स्तर पर चल रहा है और लालकेश्वर, उषा सिन्हा और बच्चा राय के बीच वह एक कड़ी था।

15 लाख रुपए में बनाया था टॉपर
विकास ने पूछताछ के दौरान यह भी स्वीकार किया कि विज्ञान संकाय के टॉपर बनाने के लिए 15 लाख रुपयेका भुगतान बच्चा राय ने उषा सिन्हा को उसी के माध्यम से किया था। विकास ने कहा कि परीक्षा में असफल हो चुके छात्रों को भी 10 लाख रुपये लेकर पास किया जाता था। गौरतलब है कि इस मामले में बीएसईबी के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर और उनकी पत्नी एवं जनता दल (युनाइटेड) की पूर्व विधायक उषा सिन्हा तथा विशुन राय कॉलेज के प्राचार्य बच्चा राय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

ये भी पढ़ें

image