
जम्मू-कश्मीर: त्राल में सुरक्षा बलों ने 2 आतंकियों को किया ढेर, एक जवान भी घायल
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। इसमें एक विदेशी आतंकी भी शामिल था। तीनों आतंकी मकान में छिपे हुए थे। हालांकि इसमें 2 जवान भी जख्मी हो गए हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा, "क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों के एक समूह के बारे में खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल, केद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ), राज्य पुलिस के विशेष अभियान दस्ते ने पुलवामा के त्राल क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। बता दें कि ईद से पहले घाटी में सीजफायर होने के चलते आतंकी घटना और पत्थरबाजी में काफी बढ़ोतरी हुई थी। जिसके बाद सरकार ने फिर से ऑपरेशन ऑल आउट चलाने का फैसला किया है। इसके तहत बड़ी संख्या में आतंकियों को सफाया किया गया है।
आतंकियों पर हमले के दौरान पथराव शुरू
पुलिस ने कहा, "जैसे ही सुरक्षा बलों ने क्षेत्र का घेराव शुरू किया, वहां घात लगाकर बैठे आतंकवादियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई।"इस बीच, क्षेत्र में प्रदर्शन शुरू हो गया और कुछ लोगों ने पथराव कर अभियान में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की। रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षाबलों ने प्रदर्शकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। जम्मू कश्मीर के डीजीपी ने कहा कि अभी तक 2 आतंकियों के शव बरामद हुए हैं और इलाके में कार्रवाई जारी है।
पिछले दिनों पुलिस पार्टी पर हमला
इससे पहले जम्मू-कश्मीर घाटी में पत्रकार शुजात बुखारी की आतंकियों द्वारा हत्या के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इस हमले में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बता दें कि आतंकियों ने यह हमला बाहरी श्रीनगर के शिरीन बाग स्थित डेंटल कॉलेज में किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घायलों में से एक जवान स्पेशल पुलिस अधिकारी है जबकि दूसरा एक हवलदार है। बता दें कि आतंकियों ने यह हमला राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी की हत्या और राष्ट्रीय राइफल के जवान औरंगजेब की हत्या करने के ठीक अगले दिन ही किया है।
Published on:
19 Jun 2018, 9:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.