
राजधानी में मौसम का बदलेगा मिजाज
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज ( Weather Update ) पूरी तरह करवट ले चुका है। कई इलाकों में तापमान बढ़ने ( Mercury up ) से लोगों को सर्दी के सितम से राहत मिली है। वहीं भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) की मानें तो अगले 48 घंटे में कुछ इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। इनमें राजधानी दिल्ली प्रमुख रूप से शामिल हैं।
दिल्ली में मौसम का मिजाज 21 फरवरी से बदलने वाला है। यहां बारिश की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को प्रदूषण और सर्दी दोनों से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में करवट लेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बुधवार रात से ही राजधानी के आसमान में बादल छाने की शुरुआत हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार 20 व 21 फरवरी को आसमान में काले बादल छाए रहेंगे।
इसके साथ ही तेज हवाओं से दिन में भी ठंड बढ़ सकती है। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। 22 फरवरी के बाद ही एक बार फिर मौसम खुलने की उम्मीद है। अब तक फरवरी महीने में दिन में तेज धूप की वजह से अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास हो रहा था।
ओलावृष्टि का येलो अलर्ट
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी मौसम करवट ले सकता है। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। यहां के 10 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
24 फरवरी तक खराब रह सकता है मौसम
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक अगले पांच दिन तक पहाड़ों पर मौसम खराब रहने की उम्मीद है। 19 से 22 और मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 24 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा।
21 फरवरी को लाहौल, किन्नौर छोड़कर 10 जिलों में अलर्ट जारी हुआ है। मौसम में लाहौल और अन्य बर्फीले क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
घाटी में मौसम बिगड़ने की संभावना
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में भी दो दिन मौसम खराब रहने की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के मुताबिक बुधवार और गुरुवार को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
फिलहाल मौसम के लगातार साफ रहने के चलते सभी जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री ऊपर चल रहा है।
इन इलाकों पर पड़ेगा असर
पहाड़ों पर मौसम बिगड़ने के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में इसका असर देखने को मिल सकता है। इनमें दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश प्रमुख रूप से शामिल हैं।
Published on:
19 Feb 2020 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
