14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaundice in MCB: मनेंद्रगढ़ में पीलिया का प्रकोप, स्कूली बच्चे ज्यादा प्रभावित, आधा दर्जन अभी भी अस्पताल में भर्ती

Jaundice in MCB: पीलिया के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खाद्य संस्थानों में की जांच, खाद्य सामग्रियों के लिए सैंपल

3 min read
Google source verification
Jaundice in MCB

Jaundice patient student (Photo source- Patrika)

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ शहर में इन दिनों पीलिया (Jaundice in MCB) के बढ़ते मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ सप्ताह से लगातार सामने आ रहे मरीजों के कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आंकड़ों के अनुसार हाल के दिनों में तीन से चार दर्जन मरीज पीलिया से ग्रसित पाए गए हैं। इसके अलावा शासकीय व निजी अस्पतालों में भी दर्जनों मरीजों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि पीलिया से सबसे अधिक प्रभावित स्कूली बच्चे हैं। आत्मानंद स्कूल में पिछले दिनों लगभग एक दर्जन से अधिक बच्चे पीलिया से ग्रसित पाए गए थे। इनमें से कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी तक ले जाना पड़ा।

मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 10 निवासी दीपा गुप्ता की 12 वर्षीय पुत्री अनुष्का गुप्ता को भी पीलिया की शिकायत के बाद शासकीय अस्पताल में भर्ती (Jaundice in MCB) कराया गया था। एक सप्ताह तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद भी उसे दोबारा पीलिया की समस्या हो गई और फिलहाल उसका इलाज जारी है।

इसी तरह वार्ड क्रमांक 9 निवासी पवन कुमार ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री भूमि की अचानक तबीयत खराब हो गई। जांच कराने पर उसे पीलिया (Jaundice in MCB) पाया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया। पिछले एक सप्ताह से उसका इलाज चल रहा है। शासकीय अस्पताल में वर्तमान में आधा दर्जन से अधिक मरीज पीलिया से पीडि़त हैं और रोजाना दो से चार नए मरीज सामने आ रहे हैं।

वार्ड क्रमांक 16 निवासी 15 वर्षीय महजबीन पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं वार्ड क्रमांक 6 निवासी सौम्या सेन को भी गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था, हालांकि अब उसकी स्थिति में कुछ सुधार बताया जा रहा है।

Jaundice in MCB: मां के साथ दुधमुंही बच्ची भी भर्ती

एक अन्य मामले में रोशनी सिंह, जो छह माह की बच्ची की मां है, वह 7 तारीख से अस्पताल में भर्ती हैं। उनके साथ उनकी छह माह की बच्ची को भी अस्पताल में रहना पड़ रहा है। शहर में अचानक बढ़ते पीलिया (Jaundice in MCB) के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान शुरू कर दिया है।

वार्डों में जाकर जांच करेगी हेल्थ टीम

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के नेतृत्व में स्वास्थ्य और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई ठेले, होटल और खाद्य संस्थानों की जांच की। इस दौरान कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि पीलिया (Jaundice in MCB) के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

जिन वार्डों से पीलिया की शिकायतें मिल रही है, वहां भी जांच दल द्वारा भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ.-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा शुद्ध पानी और भोजन का सेवन करने की अपील की है।