
पत्रकार खाशोगी के शव के हिस्से सऊदी महावाणिज्यदूत के आवास में मिले, साक्ष्य मिटाने की कोशिश
लंदन। पत्रकार जमाल खाशोगी के शरीर के हिस्से इंस्तांबुल स्थित सऊदी महावाणिज्यदूत के आवास में पाए गए हैं। ब्रिटेन स्थिति एक प्रसारक ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 59 वर्षीय वाशिंगटन पोस्ट के स्तंभकार के शरीर को काटा गया था और उनके चेहरे को बिगाड़ दिया गया था, जिसके कुछ हिस्से महावाणिज्यदूत के आवास के बगीचे में पाया गया है।
शव को बगीचे के कुंए से बरामद किया गया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,तुर्की की रोडिना पार्टी के नेता डोगू पेरिनसेक ने भी एक साक्षात्कार में दावा किया कि पत्रकार के शव को महावाणिज्यदूत के आवास परिसर के बगीचे में स्थित कुंए से बरामद किया गया। यह रिपोर्ट तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन द्वारा खाशोगी की हत्या की साजिश रचने का सऊदी अरब पर आरोप लगाने के तत्काल बाद सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस हत्या को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने शव के संबंध में सऊदी अरब से और जानकारी देने के लिए कहा।
खशोगी की हत्या बड़ी गलती है
गौरतलब है कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल-अल-जुबेर ने इस बात को स्वीकार किया है कि सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या बड़ी गलती है। मीडिया से बातचीत करते हुए अल-जुबेर ने कहा कि जिन लोगों ने भी ऐसा किया है। उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल किया है। यह एक भारी भूल है। इस पर पर्दा डालते हुए और भी बड़ी गलती की गई है। किसी भी सरकार में यह स्वीकार्य नहीं है।
हर एक पहलू सामने लाएंगे
अल-जुबेर ने कहा कि सऊदी अरब पत्रकार की हत्या के मामले की जांच और असल वजह जानने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि वह हर एक पहलू को सामने लाएंगे। सभी तथ्यों को सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके साथ ही जिन्होंने यह हत्या की है उन्हें दंडित भी कराने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।
Published on:
24 Oct 2018 08:23 am
बड़ी खबरें
View Allविश्व की अन्य खबरें
विदेश
ट्रेंडिंग
