
Nobel Prize
मिनेयापोलिस। जापानी मूल के ब्रिटिश लेखक काजुओ इशिगुरो को साल 2017 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। नागासाकी में जन्मे काजुओ 5 साल की उम्र में इंग्लैंड आए थे। वे मौजूदा समय में अंग्रेजी साहित्य में सबसे सम्मानित और लोकप्रिय लेखकों में शुमार हैं। नोबेल समिति ने अपने बयान में कहा है कि काजुओ अपने उपन्यासों में भावुकता की महान ताकत दिखाई देती है। साथ ही वे दुनिया से रिश्ता जोड़ते हुए इंसानी भ्रमों का सच बताते हैं।
8 नवंबर 1954 को जन्मे काजुओ उपन्यासकार, पटकथा लेखक और लघुकथाओं के लिए पहचाने जाते हैं। जापान के नागासाकी शहर में जन्मे काजुओ का परिवार 1960 में इंग्लैंड आ गया था। केंट विश्वविद्यालय से बैचलर डिग्री हासिल करने वाले काजुओ ने 1980 में क्रिएटिव राइटिंग में यूनिविर्सिटी ऑफ ईस्ट एंजलिना से मास्टर्स हासिल किया।
चार बार प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित होने वाले इशिगुरो को 1989 में उनकी किताब द रिमेंस ऑफ द डे के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2008 में द टाइम्स ने उन्हें 1945 के बाद के 50 महान ब्रिटिश लेखकों में शुमार किया था। दो साल पहले उनका सातवां उपन्यास द बरीड अमरीका और ब्रिटेन में जाइंट प्रकाशित हुआ था।
गीत भी लिखे हैं इशिगुरो ने
इशिगुरो ने जैज गायक स्टेसी केंट के लिए गई गाने भी लिखे हैं। यह गीत इशिगुरो ने केंट के पति और म्यूजिशियन जिम टॉमलिन्सन के साथ लिखे हैं। यह गीत केंट के 2007 में आए अलबम "ब्रेकफास्ट ऑफ द मॉर्निंग ट्राम" और 2013 के अलबम "द चैंजिंग लाइट्स" में शामिल हैं। इशिगुरो अपनी पत्नी लोर्ना और बेटी नोआमी के साथ लंदन में रहते हैं।
कई पुरस्कारों से सम्मानित
नोबेल से पहले इशिगुरो कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं। 1982 में उन्हें विनिफ्रेड होल्टबी मेमोरियल पुरस्कार से नवाजा गया। इसके बाद 1986 में व्हाइटब्रीड पुरस्कार, 1989 में बुकर पुरस्कार से सम्मानित किए गए। 2005 में टाइम मैगजीन ने उन्हें कभी न भूलने वाली अंग्रेजी साहित्य की 100 शख्सियतों में शुमार किया।
Updated on:
05 Oct 2017 05:51 pm
Published on:
05 Oct 2017 05:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
