
फेसबुक पोस्ट से फोन धमकी तक | Image Source - Pinterest
Moradabad News Today: मुरादाबाद में आजाद समाज पार्टी (आसपा) के नगर अध्यक्ष शराफत अली एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं। उन पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिलाध्यक्ष सचिन विश्नोई को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामला तब तूल पकड़ गया जब शराफत अली द्वारा फेसबुक पर जारी एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को आतंकवादी संगठन करार दिया।
विहिप पदाधिकारियों का कहना है कि इस वीडियो से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। जिला मंत्री किशन पाल सिंह ने आरोप लगाया कि शराफत अली ने जानबूझकर सांप्रदायिक संगठनों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। वीडियो के प्रसारित होते ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचाई गई।
आरोप है कि जब मुरादाबाद ग्रामीण (ठाकुरद्वारा) के विहिप जिलाध्यक्ष सचिन विश्नोई ने शराफत अली को फोन कर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आपत्ति जताई, तो बातचीत के दौरान उन्हें बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी दी गई। इस कथित धमकी के बाद विहिप नेताओं ने इसे गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
विहिप जिला मंत्री किशन पाल सिंह ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए यह भी कहा कि जिस तरह के बयान और धमकियां दी गई हैं, उससे उसके किसी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के आधार पर भोजपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने शराफत अली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
04 Jan 2026 10:16 am
Published on:
04 Jan 2026 10:16 am
