
जेल में चरस लेकर पहुंचे वकील साहब | AI Generated Image
Lawyer caught with charas inside jail in Moradabad: मुरादाबाद जिला कारागार में मुलाकात के लिए आए एक अधिवक्ता की तलाशी के दौरान लगभग 100 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसे अधिवक्ता शरद कुमार जेल में बंद अपने गांव के बंदी को देने आया था। जेलर की तहरीर पर आरोपी अधिवक्ता समेत दो के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस पूछताछ में अधिवक्ता शरद कुमार ने कबूल किया कि उन्होंने यह चरस विशाल नामक व्यक्ति से खरीदी थी, जो कटरा पूरन जाट थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने विशाल की तलाश तेज कर दी है।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई ताकि सबूत सुरक्षित रखे जा सकें। साथ ही अधिवक्ता शरद कुमार से लिखित माफीनामा भी लिया गया, जिसकी प्रति जेल प्रशासन ने औपचारिक रूप से पुलिस को सौंप दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाया गया है।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी अधिवक्ता द्वारा चरस लेकर जेल में प्रवेश करने का प्रयास बेहद गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। यह न केवल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि जेल में नशे की संभावित आपूर्ति की ओर भी संकेत करता है। प्रशासन ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि जेलर की तहरीर के आधार पर अधिवक्ता शरद कुमार और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों के खिलाफ ठोस सबूत जुटा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
06 Oct 2025 09:45 am
Published on:
06 Oct 2025 09:45 am
