
मुरादाबाद: झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची,पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
मुरादाबाद: केंद्र की मोदी सरकार हो चाहे सूबे की योगी सरकार कितने ही बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के भले ही जोरदार नारे गढ़ के समाज में बेटा बेटी के भेदभाव को मिटाने की कोशिश करती दिख रही हो, लेकिन हकीकत इससे जुदा ही है। जी हां कुछ ऐसा ही मामला आज जनपद के भगतपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। यहां कोई नवजात बच्ची को झाड़ियों में छोड़कर चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची यूपी 100 की टीम ने उसे फौरन ही अस्पताल में भर्ती कराया जहां अब वो खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए कोशिश तेज कर दी है। कुछ इसी तरह इसी साल बिलारी कसबे में भी कूड़े के ढेर पर नवजात बच्ची फरवरी महीने में मिली थी।
झाड़ियों में मिली बच्ची
थाना क्षेत्र के गांव हरचंद स्थित कान्वेंट स्कूल के पास झाड़ियों में आज सुबह ग्रामीणों ने बच्ची को देखा तो सभी के होश उड़ गए। क्यूंकि बिलकुल जिन्दा बच्ची को कोई ऐसे छोड़ गया किसी को यकीन नहीं हो रहा था। मौके पर लोगों ने यूपी 100 पर इसकी सूचना दी। जिस पर पीआरवी 285 पहुंची और बच्ची को साफ़ कपड़ों में लिया और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद उसकी हालत देखते हुए फौरन जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
अब स्वास्थ्य सही है बच्ची का
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ कल्पना सिंह ने बताया कि बच्ची को विशेष निगरानी में रखा गया है। जब बच्ची लाई गयी थी तो उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। लेकिन उसके बाद जब इलाज शुरू हुआ तो वो बिलकुल ठीक है। डॉ के मुताबिक बच्ची का महज वजन कुल दो किलो है। और एक या दो दिन पहले ही इसका जन्म हुआ है। फ़िलहाल बच्ची के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है।
हर कोई है हैरान
उधर गांव में हरकोई हैरान है कि आखिर इतनी से बच्ची को कोई क्यों इस तरह झाड़ियों में छोड़ गया। वहीँ बच्ची के हाव भाव देखकर हर कोई उस पर मोहित हो रहा है। ऐसे में लोग उस मां को भी कोस रहे हैं जिसने इस नन्ही से जान को इस तरह फेंक दिया।
Published on:
9 Aug 2018, 4:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.