
High Profile Rape in Moradabad: यूपी के मुरादाबाद जिले में रिश्तों को तार-तार करने की घटना सामने आई है। यहां एक डॉक्टर बहू ने रिटायर्ड डिप्टी एसपी ससुर पर दरिंदगी का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि पहले भी ससुर उसके साथ कई बार अश्लील हरकतें कर चुके हैं, लेकिन पति, सास और अन्य परिजन उल्टा उसे ही धमकाकर शांत करवाते रहे हैं। इससे ससुर का मनोबल बढ़ गया और उसने पिस्टल दिखाकर उसकी इज्जत लूट ली। महिला डॉक्टर का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तां बता रही है।
दरअसल, मुरादाबाद के 2 सर्किल में सीओ रह चुके रिटायर्ड डिप्टी एसपी बिजेंद्र सिंह सिद्दू के खिलाफ उनकी ही डॉक्टर बहू ने रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। इससे पहले महिला डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए सीएम और डीजीपी से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई थी। साथ ही धमकी दी थी कि अगर इस मामले में उसका मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा तो वह एसएसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आनन फानन में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में दी गई तहरीर में महिला डॉक्टर ने बताया कि जून 2012 में उसकी शादी रिटायर्ड डिप्टी एसपी के बेटे के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक चलता रहा। इसके बाद ससुर की उसपर नीयत खराब हो गई। महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि घर में अकेला देखते ही ससुर उसके साथ छेड़खानी करते थे। उसने इसकी शिकायत जब अपने पति और सास से की तो दोनों लोगों ने ससुर को समझाने का आश्वासन देकर उसे चुप करवा दिया।
महिला डॉक्टर ने तहरीर में बताया है कि बीती 8 मई को उसके पति घर पर नहीं थे। इस दौरान रात करीब दो बजे उसके ससुर बिजेंद्र सिंह सिद्दू उसके बेडरूम में घुस आए। अचानक ससुर के बेडरूम में आने से पीड़िता डर गई और चीखते हुए अपने मायके वालों को फोन कर दिया। पीड़िता डॉक्टर ने बताया कि रात में ही उसके मायके वाले पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए। कुछ दिनों बाद पंचायत में समझौता हो गया। इसके बाद दोबारा उसे ससुराल भेज दिया गया था।
इसके बाद डॉक्टर पति ने उसे तरह-तरह से यातनाएं देनी शुरू कर दीं। महिला डॉक्टर का कहना है कि बीते 12 नवंबर यानी दिवाली की रात करीब 9 बजे जब सभी लोग पटाखे जला रहे थे। इस दौरान वह अपने बेडरूम में कपड़े बदल रही थी। इसी दौरान रिटायर्ड डिप्टी एसपी ससुर उसके कमरे में घुस आए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इस दौरान उन्होंने रिवॉल्वर निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दी। इसके बाद उससे पूरे कपड़े उतारने को कहा। पिस्टल लोड होने के कारण वह इसका विरोध नहीं कर सकी। इसी का फायदा उठाकर ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म कर डाला।
पीड़िता का कहना है कि थोड़ी देर बाद वह किसी तरह ससुर के चंगुल से छूटकर बाहर निकली। घर के बाहर मौजूद पति और सास को उसने घटना की जानकारी दी। महिला डॉक्टर का आरोप है कि शिकायत सुनने के बाद पति, सास और देवर उसे दोबारा बेडरूम में ले गए। यहां उसे फंदे पर लटकाने का प्रयास किया गया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन रिटायर्ड डिप्टी एसपी ससुर के रसूख के चलते पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
तब पीड़िता ने मुख्यमंत्री ऑफिस, डीजीपी और महिला आयोग को शिकायती पत्र भेजे। महिला डॉक्टर ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर वीडियो पोस्ट कर अपनी आपबीती बताई। इस मामले में सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार ससुर, पति, देवर और सास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
25 Nov 2023 11:05 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
