
मुरैना. शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड द्वारा तैयार की गई कॉलोनी में बिजली के पावर हाउस के पास अतिरिक्त भूमि छोड़ी थी, जिस पर ग्रीन लैंड तैयार करना था, इसका रहवासियों से शुल्क भी जमा कराया गया था लेकिन अब उस जमीन पर बिजली कंपनी द्वारा बाउंड्री की जा रही है जिससे रहवासियों आक्रोश है।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में महाराजपुर रोड पर बिजली कंपनी का पावर हाउस बना हुआ है। हाउसिंग बोर्ड ने मकान मालिकों से इस बात का अतिरिक्त शुल्क लिया था जिससे ग्रीन लैंड तैयार होना था। इस कॉलोनी को वर्ष 2015 में नगर निगम के हैंडओवर कर दिया है। रहवासियों का कहना हैं कि हमारे मकान की रजिस्ट्री में शुल्क इन्क्लूड हैं, उसमें इस बात का उल्लेख है कि मकानों के लिए बेहतर लोकेशन के लिए ग्रीन लैंड तैयार किया जाएगा। अब उस जमीन पर बिजली कंपनी द्वारा बाउंड्री का निर्माण किया जा रहा है जिससे मकानों की बेहतर लोकेशन अर्थात ग्रीन लैंड समाप्त हो जाएगी।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के लोगों ने कलेक्टर व बिजली कंपनी के उप महाप्रबंधक यशपाल सचदेवा को ज्ञापन सौंपा हैं जिसमें निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। रहवासियों का कहना हैं कि प्रशासनिक स्तर पर निर्माण नहीं रुका तो न्यायालय जाएंगे लेकिन अपने हक लेकर रहेंगे।
जब हाउसिंग बोर्ड ने मकान की रजिस्ट्री की थी तब पार्क के लिए अतिरिक्त भूमि छोड़ी थी, उस पर ग्रीन लैंड तैयार होनी थी लेकिन बिजली विभाग उस पर बाउंड्री का निर्माण कर रहा है, जिसकी शिकायत हमने कलेक्टर व बिजली कंपनी के अधिकारियों से की है।
मकानों की बेहतर लोकेशन के लिए बाकायदा हम लोगों ने अतिरिक्त शुल्क जमा किया है। जिसका रजिस्ट्री में भी उल्लेख है। अब अगर बिजली विभाग बाउंड्री करता है तो मकानों की बेहतर लोकेशन नष्ट हो जाएगी, अगर काम नहीं रुकता है तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।
न्यू हाउसिंग बोर्ड के लोगों ने शिकायत की है लेकिन हम कोई व्यक्तिगत काम थोड़े ही कर रहे हैं, जो बाउंड्री हो रही है, वह भी जनहित का मामला है। भविष्य में विस्तार करना पड़ा तो एक्स्ट्रा ट्रांसफार्मर रखने में सुविधा होगी।
Published on:
10 Feb 2026 11:27 am
