15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Morena: लोग चिल्लाए- ट्रेन में आग! 250 यात्री उतरे, दूसरे ट्रेक पर कुचलती चली गई पातालकोट एक्सप्रेस

Train Accident Morena : चार जानें गईं, हेतमपुर-धौलपुर ट्रैक पर खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी के यात्रियों में बने भगदड़ के हालात,

2 min read
Google source verification
Patalkot Express runs over 4 people in Morena

Morena Accident- मुरैना में पातालकोट एक्सप्रेस ने 4 को कुचला- Source Patrika

Morena Train Accident: अदृश्य हथियार है, बीमारी है अफवाह… लोगों में दहशत फैलती है। सोचने-समझने की क्षमता खत्म हो जाती है… और जान तक चली जाती है। मुरैना में रविवार को यही हुआ झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर। ग्वालियर से रवाना हुई खजुराहो- उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में करीब 4.15 बजे आग लगने की अफवाह फैली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंजन के पीछे जनरल कोच में दो यात्री चिल्लाने लगे कि ट्रेन में आग लग गई है। घबराए यात्रियों ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। जान बचाने के लिए जल्दबाजी में डिब्बों से उतरने लगे। बगल के ट्रैक पर आई पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। घटनास्थल पर कर्व था, इसलिए दूसरी ट्रेन नहीं दिखी।

दो यात्री चिल्लाए थे- ट्रेन में आग, दहशत में उतरे लोग

दो यात्री ने जैसे ही चिल्लाया कि ट्रेन में आग लगी है, चेन पुलिंग कर सभी लोग दहशत में नीेचे उतर गए। कई यात्री दूसरे ट्रैक पर पहुंच गए तभी वहां गुजर रही पातालकोट ने उनको कुचल दिया। अफवाह ने मां और बेटे समेत चार लोगों की जान ले ली।

ट्रैक का मोड़ होने से नहीं दिखी ट्रेन, नहीं हट पाए यात्री

ट्रैक का मोड़ होने से फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस दूर से दिखाई नहीं दी। नदीम की पत्नी और बच्चे की जान चली गई। शव हटाने के बाद ट्रेनें रवाना हादसे के बाद पातालकोट को रोक दिया गया था। क्षत- विक्षत शव देख यात्रियों और रेल स्टाफ के रोंगटे खड़े हो गए। जीआरपी, आरपीएफ की टीमों ने शवों को हटाया। इसके बाद यातायात बहाल किया जा सका।

शव पोस्टमार्टम के लिए मुरैना भेजे

घटना धौलपुर और मुरैना सीमा क्षेत्र में हुई है। पुलिस के अनुसार कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मृतकों के परिजन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए मुरैना भेजे गए हैं।

250 से ज्यादा यात्री उतरे, दहशत और चीख-पुकार का मंजर

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग लगने की अफवाह के बाद ट्रैक पर जनरल डिब्बे और अन्य डिब्बों के 250 से ज्यादा यात्री भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, आग की अफवाह से हालात भगदड़ जैसे बन गए थे। कई यात्री एक-दूसरे पर गिरते-पड़ते दूसरे रेलवे ट्रैक की ओर भागे। इसी बीच आगरा की तरफ से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में चार यात्री आ गए। तेज स्पीड ट्रेन की टक्कर से चारों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। हादसे के बाद चीख- पुकार मच गई।

अलार्म चेन पुलिंग की

झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग की। पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति बनाई गई है। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इनकी गई जान

बिरमा देवी पत्नी गिरधारी गिरी (60), गैसोरा, बीकानेर आफरीन पत्नी नदीम खान (35), आगरा
असद खान पुत्र नदीम खान (4), आगरा
शकुंतला पत्नी भूरी सिंह परमार (60), आगरा

खींच दी इंटरसिटी की चेन :

  1. 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार शाम करीब 4.15 बजे आग की अफवाह के बाद चेन पुलिंग के कारण रुकी।
  2. दूसरे ट्रैक पर पहुंचे: ट्रेन में आग लगने की अफवाह के कारण लोग डर कर ट्रेन से उतर गए और दूसरे ट्रैक पर पहुंच गए।
  3. लगातार बजाया हॉर्न: घटनास्थल पर ट्रैक का मोड़ होने से फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस दूर से दिखाई नहीं दी। इस दौरान पायलट ने लगातार हॉर्न बजाया। कई यात्री ट्रैक से हटे, लेकिन चार चपेट में आ गए।