14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना ट्रेन हादसे का LIVE VIDEO, आग की अफवाह के बाद पटरियों पर उतरे यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आए

Train Accident: उदयपुर इंटरसिटी में आग लगने की अफवाह से मची अफरा-तफरी, घबरा कर ट्रेन से पटरियों पर उतरे लोग तभी दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए।

2 min read
Google source verification
morena train accident live video

morena train accident live video, ट्रेन में आग की अफवाह के बाद उतरे लोग दूसरी ट्रेन की चपेट में आए (source-patrika)

Railway Accident: मध्यप्रदेश के मुरैना से बड़ी खबर सामने आ रही है, मुरैना में ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद घबरा कर ट्रेन से उतरे लोग दूसरी पटरी पर आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4 लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना मुरैना रेलवे स्टेशन के पास की है। बताया जा रहा है कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद अफरातफरी मची और ट्रेन से लोग नीचे उतर गए, इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से लोगों की मौत हुई है। कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है।

खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह

बताया गया कि शनिवार शाम को खजुराहो से उदयपुर जा रही गाड़ी संख्या 19665 इंटरसिटी एक्सप्रेस चेन पुलिंग के कारण उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर धौलपुर रेलखंड पर लगभग 4.15 बजे बीच सेक्शन में खड़ी हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंजन के पीछे लगे जनरल कोच मे दो यात्री चिल्लाने लगे कि ट्रेन में आग लग गई है। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घबराए यात्रियों ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी और जान बचाने के लिए जल्दबाजी में डिब्बों से उतरने लगे। भगदड़ के दौरान कई यात्री एक-दूसरे पर गिरते-पड़ते रेलवे ट्रैक की ओर भागे।

दूसरी पटरी पर आ रही ट्रेन की चपेट में आए लोग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे लोग अफरातफरी में ट्रेन से उतरकर दूसरे ट्रैक की ओर भागे तभी आगरा साइड से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में चार यात्री आ गए। हादसे में आफरीन पत्नी नदीम खान (35)निवासी सुल्तान गंज की पुलिया थाना न्यू आगरा, असद खान पुत्र नदीम खान (4) निवासी सुल्तान गंज की पुलिया, शकुंतला पत्नी भूरी सिंह परमार (60) निवासी कचहरा, रुनकता आगरा, बिरमा देवी पत्नी गिरधारी गिरी (60) निवासी ग्राम गैसोरा, जिला बीकानेर राजस्थान की ट्रेनन से कटकर मौत हो गई।

राहत व बचाव कार्य हुआ शुरू

सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घटना की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा आग लगने की अफवाह के कारण मची भगदड़ के बाद हुआ है। वहीं रेलवे ट्रैक पर जनरल के डिब्बे और अन्य डिब्बों के 250 से अधिक यात्री दौड़ लगाते नजर आए।


पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे शव

घटना धौलपुर और मुरैना सीमा क्षेत्र में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी शवों को कब्जे में ले लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मृतकों के परिजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मुरैना भेज दिया है।


छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित

झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना के दौरान किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग खींच दी गई। पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी गई है। समिति घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। जांच दल सोमवार को मुरैना पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करेगा तथा संबंधित अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, रेलवे नियमों के अनुसार मृतकों के परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।