
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई (Photo: X/@mumbaicus3)
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग (Customs) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर 46 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, विदेशी मुद्रा, सोना और रत्न जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में नौ यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बैंकॉक से मुंबई पहुंचे 9 यात्रियों की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। जांच के दौरान उनके पास से कुल 44.292 किलो संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 44.292 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इन सभी नौ यात्रियों को नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने एक अन्य मामले में 299 ग्राम मेथाक्वालोन भी जब्त किया है। यह भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित पदार्थ है। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मेथाक्वालोन की बाजार कीमत लगभग 74.75 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पांच अलग-अलग मामलों में सीमा शुल्क विभाग ने अन्य कीमती सामान भी बरामद किए हैं। इनमें 32.85 लाख रुपये मूल्य की भारतीय और विदेशी मुद्रा, 94.97 लाख रुपये मूल्य के हीरे और करीब 160.790 ग्राम वजन के 21 कैरेट सोने के आभूषण भी जब्त किये हैं। जिसकी कीमत 21.51 लाख रुपये है। इस कार्रवाई के दौरान 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अन्य कीमती रत्न भी बरामद किए गए हैं। इन कीमती सामानों को बेहद चालाकी से छिपाकर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी रोकने के लिए निगरानी और जांच लगातार बढ़ाई जा रही है। हाल के दिनों में ड्रग्स और कीमती सामान की तस्करी के कई प्रयासों को नाकाम किया गया है। यात्रियों और उनके सामान की कड़ी जांच, खुफिया जानकारी और आधुनिक स्कैनिंग तकनीक के जरिए इस तरह की तस्करी पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पकड़े गए तस्करों के तार किन अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है।
Published on:
05 Mar 2026 02:02 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
