2 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्यसभा चुनाव पर आदित्य ठाकरे का बड़ा बयान: ‘MVA में कोई गतिरोध नहीं, शिवसेना का दावा जायज’

आदित्य ठाकरे ने कहा कि राज्यसभा की सीट को लेकर विपक्षी गठबंधन एमवीए में बातचीत जारी है और कोई गतिरोध नहीं है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 02, 2026

उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र में एक राज्यसभा सीट को लेकर विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) में जबरदस्त खींचतान देखने को मिल रहा है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) शामिल है। एनसीपी नेताओं का कहना है कि शरद पवार वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें राज्यसभा भेजा जाना चाहिए, तो वहीं उद्धव की शिवसेना (UBT) ने भी राज्यसभा सीट से समझौता करने से इनकार कर दिया है। अब इस पर शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे का बड़ा बयान सामने आया है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि राज्यसभा की सीट को लेकर एमवीए में बातचीत में कोई गतिरोध नहीं है। तीनों दल आपस में संपर्क में हैं। हालांकि पहले से तय नीति के अनुसार, इस सीट के लिए शिवसेना (यूबीटी) को लड़ना चाहिए।

'संख्या के हिसाब से सीट शिवसेना की'

ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, राज्यसभा सीट पर हमने अपना दावा पेश किया है, क्योंकि संख्याबल और महाविकास आघाड़ी की तय रोटेशन नीति के अनुसार यह सीट शिवसेना (यूबीटी) को मिलनी चाहिए। साथ ही यह निर्णय उन सभी राजनीतिक रुख के अनुरूप है, जो हमने केंद्र स्तर पर गठित इंडिया अलायंस के तहत अपनाए हैं।

इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) विधायक वरुण सरदेसाई ने कहा कि राज्यसभा की यह सीट सही मायने में हमारी (उद्धव गुट) है। हम किसी भी कीमत पर अपना दावा नहीं छोड़ेंगे। हमारे विधायकों ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को पहले ही अपनी राय बता दी है।

वरिष्ठ नेता सरदेसाई ने कहा, 2020 में जब राज्यसभा चुनाव हुए थे तो हमने एनसीपी (शरद गुट) उम्मीदवार फौजिया खान का समर्थन किया था। अब मौजूदा विधायकों की संख्या के आधार पर हमारी संख्या अधिक है। अगर हमारे सांसद अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं, तो इस सीट के लिए उम्मीदवार हमारी पार्टी से ही होना चाहिए।

राज्यसभा सीट पर शरद गुट का भी दावा

उधर, एनसीपी (शरद गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "सभी की यही इच्छा है कि शरद पवार साहब राज्यसभा के लिए फिर से चुने जाएं। यह भारी समर्थन लोगों के उनके प्रति सम्मान और स्नेह को दर्शाता है।"

गौरतलब हो कि महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीटों के लिए चुनाव 16 मार्च को होंगे। महाराष्ट्र विधानसभा में संख्या बल के अनुसार भाजपा द्वारा चार सदस्यों को नामित किए जाने की संभावना है, जबकि शिवसेना और एनसीपी द्वारा एक-एक सदस्य को नामित किए जाने की संभावना है। जबकि केवल एक उम्मीदवार को कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार), शिवसेना (उद्धव ठाकरे) गठबंधन द्वारा नामित किया जाना है।

इसी साल अप्रैल में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, एनसीपी (एसपी) की फौजिया खान, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-अठावले) के रामदास अठावले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और एनसीपी (सुनेत्रा पवार) के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।