2 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Iran Israel War: दुबई में फंसे महाराष्ट्र के 400 पर्यटक, कहा- हॉटेल के पास हो रहे धमाके, बेहद भयावह है स्थिति

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध मिडिल ईस्ट घूमने गए भारतीयों पर भारी पड़ रहा है। दुबई समेत कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बंद है। विमान सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है, जिससे महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से गए सैकड़ों पर्यटक फंस गए हैं।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 02, 2026

Israel-Iran War Dubai Tourists

दुबई में फंसे महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग (Photo: X/IANS)

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़े भीषण युद्ध के चलते मिडिल ईस्ट में हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। जिस वजह से दुबई समेत खाड़ी देशों में मौजूद हजारों भारतीय नागरिक फंस गए हैं। महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों से गए पर्यटक, छात्र और श्रद्धालु भी वहां फंसे हैं। सभी सुरक्षित तो है, लेकिन घर वापसी को लेकर अनिश्चितता और डर बढ़ता जा रहा है। कुछ पर्यटकों ने बताया कि उनके होटल के पास ही धमाके हो रहे हैं, जिससे दहशत का माहौल है। उन्होंने भारत सरकार से विशेष विमान भेजकर सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है।

वाशिम का परिवार दुबई में फंसा

वाशिम जिले के रिसोड से भगवान निर्बान, उनकी पत्नी पद्माबाई, बेटा पवन और बहू नंदा 24 फरवरी को पुणे से दुबई घूमने गए थे। पांच दिन का टूर पूरा कर 28 फरवरी को अबू धाबी से पुणे लौटना था, लेकिन अचानक हालात बिगड़ने से उड़ानें स्थगित हो गईं।

परिवार ने बताया कि उनके होटल के पास मेट्रो स्टेशन पर विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिससे चिंता और बढ़ गई। उन्होंने सरकार से जल्द भारत वापस लाने की अपील की है। रिसोड में मौजूद उनके परिजन भी बेहद चिंतित हैं।

सांगली के 30 पर्यटक भी अटके

सांगली जिले के कुपवाड से 30 लोगों का एक ग्रुप निजी कंपनी के जरिए दुबई घूमने गया था। ईरान-इज़राइल संघर्ष के बाद एयरस्पेस बंद होने से उनकी वापसी रुक गई। सभी पर्यटक फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन होटल के आसपास धमाकों की आवाज सुनाई देने से घबराहट है। उन्होंने भारत सरकार से विशेष विमान भेजने की मांग की है।

जलगांव के 31 लोग फंसे

जलगांव जिले के 31 लोग एक बीमा कंपनी के कार्यक्रम में शामिल होने दुबई गए थे। 2 मार्च को वापसी तय थी, लेकिन हवाई क्षेत्र बंद होने से वे वहीं रुकने को मजबूर हैं। परिजन लगातार संपर्क में हैं, पर हालात सामान्य होने तक वापसी मुश्किल दिख रही है।

पुणे के 84 MBA छात्र फंसे

पुणे की इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (ISBS) के 84 एमबीए छात्र दुबई में फंस गए हैं। यह छात्र एक स्टडी टूर के लिए दुबई गए थे, लेकिन अचानक शुरू हुए युद्ध और एयरस्पेस बंद होने के कारण उनकी वापसी की उड़ानें रद्द हो गई हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सरकार से मदद मांगी है और छात्रों के सुरक्षित लौटने का आश्वासन दिया है।

संस्थान के अनुसार, 40 छात्रों को 28 फरवरी 2026 को पुणे लौटना था, जबकि बाकी 44 छात्रों की वापसी 1 मार्च 2026 को होनी थी। लेकिन पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ने और उड़ानों पर असर पड़ने से उनकी वापसी फिलहाल टल गई है। संस्थान लगातार छात्रों और उनके परिवारों के संपर्क में है। सभी छात्रों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ समन्वय किया जा रहा है।

नासिक के 200 श्रद्धालु मक्का में अटके

नासिक जिले के करीब 200 श्रद्धालु मक्का की यात्रा पर गए थे। जेद्दा एयरपोर्ट बंद होने से उनकी वापसी अटक गई है। अलग-अलग ट्रैवल कंपनियों के जरिए गए यात्री फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जिले के ही ट्रैवल ऑपरेटर फारूक तांबोली ने दावा किया कि उनके माध्यम से गए 35 यात्री भी मक्का में फंसे हैं। एयरपोर्ट दोबारा शुरू होने तक वापसी पर कुछ कहना मुश्किल है।

पुणे के 40 वरिष्ठ नागरिक फंसे

पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड की पूर्व नगरसेविका सुमन नेटके के साथ 40 वरिष्ठ नागरिकों का ग्रुप भी दुबई में फंसा है। 25 फरवरी को पर्यटन के लिए गए इस समूह को आज लौटना था, लेकिन उड़ानें रद्द होने से वे वहीं फंस गए हैं।

महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों से सैकड़ों लोग इस संकट से प्रभावित हैं। सभी फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन अनिश्चितता और बढ़ते तनाव ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। परिजन लगातार केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील कर रहे हैं कि विशेष विमान भेजकर भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया जाए।