30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाराष्ट्र: दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को घेरा, फिर जंगल में ले जाकर किया रेप, 5 आरोपी गिरफ्तार

Amravati Crime News: घटना की जानकारी मिलते ही अमरावती पुलिस टीमों ने पूरी रात जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया और सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म और लूट का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 30, 2026

Maharashtra Police crime Raid

अमरावती के जंगल में छात्रा के साथ रेप, 5 आरोपी गिरफ्तार (AI Image)

महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 18 वर्षीय युवती अपने मित्र के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी, तभी रास्ते में पांच लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की और फिर युवती को जबरन जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने 12 घंटों में ही सभी आरोपियों को दबोच लिया।

पैसे लूटे, फिर लूटी आबरू

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने कॉलेज में पढ़ने वाली युवती के दोस्त को लात-घूंसों से पीटा और 120 रुपये छीन लिए। इसके बाद उन्होंने युवक को जंगल में बांध दिया और उसके सामने ही युवती के साथ बलात्कार किया। इस घटना के बाद पीड़िता की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रेप का वीडियो भी बनाया

फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है। इस मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने दुष्कर्म के दौरान पीड़िता का वीडियो भी बनाया। उन्होंने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को भी इस घटना के बारे में बताया तो वे वीडियो को वायरल कर देंगे।

सुनसान इलाके में हुई वारदात

अमरावती शहर के पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने बताया कि 28 मार्च की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच यह घटना हुई। भानखेड़ा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर जंगल क्षेत्र में युवक और युवती जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रोका, मारपीट की और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने जंगल खंगाला, 12 घंटे में दरिंदे गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती अपने दोस्त के साथ मोपेड से लौट रही थी, तभी पांच लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने दोनों को जबरन जंगल में घसीटकर ले गए और पैसों के लिए उनके साथ मारपीट की। पीड़िता ने अपने पास मौजूद 120 रुपये उन्हें दे दिए, इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन एक्शन में आया और कई पुलिस टीमों ने पूरी रात जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। रविवार तड़के तक पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म और लूट का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। हालांकि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है, क्या उन्होंने पहले ही इस तरह की जघन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।