27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में बकरीद पर तनाव: मीरा रोड के बाद घाटकोपर और गोरेगांव में बवाल, BJP नेता बोले- खुले में कुर्बानी नहीं होने देंगे

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बकरीद के त्योहार को देखते हुए कई हाउसिंग सोसायटियों में तनाव का माहौल बन गया है। रिहायशी परिसरों में बकरों की कुर्बानी का विरोध हो रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस अलर्ट पर है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 27, 2026

Mira Road Bakrid Tension

मुंबई में बकरीद से पहले सोसायटियों में कुर्बानी को लेकर विवाद, भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात (Photo: IANS)

मुंबई में बकरीद के त्योहार से पहले कई हाउसिंग सोसायटियों में कुर्बानी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है। शहर के कई इलाकों खासकर घाटकोपर, गोरेगांव और मीरा रोड में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि कुर्बानी केवल बीएमसी द्वारा तय किए गए स्थानों पर ही की जाएगी और रिहायशी परिसरों में इसकी अनुमति नहीं होगी।

गोरेगांव की सोसायटी में बढ़ा तनाव, कुर्बानी की अनुमति रद्द

गोरेगांव पूर्व के गोकुलधाम इलाके स्थित सैटेलाइट गार्डन्स फेज-2 सोसायटी में कुर्बानी के लिए बकरों को लाए जाने के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई। दिंडोशी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेंद्र शिंदे ने बताया कि सोसायटी परिसर में कुर्बानी की अनुमति रद्द कर दी गई है और बकरों को वहां से हटाने का फैसला लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

मीरा रोड में भारी हंगामा, बकरे हटाए गए

एक दिन पहले मुंबई के मीरा रोड स्थित पूनम क्लस्टर सोसायटी में भी बकरीद की कुर्बानी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। सोसायटी परिसर में बकरों को लाने पर कुछ निवासियों ने आपत्ति जताई। इस दौरान हाथापाई भी हुई, स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ लोग सूअर लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को शांत करवाया। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मीरा-भायंदर के डीसीपी राहुल चौहान ने बताया कि प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ बैठक की थी। इसके बाद नगर निगम ने कुर्बानी के लिए अलग स्थान तय किया और सहमति बनाकर बकरों को सोसायटी से हटाकर वहां भेज दिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत बताई जा रही है।

घाटकोपर में भी विरोध

घाटकोपर पश्चिम स्थित सागर पार्क हाउसिंग सोसाइटी में भी बकरे लाने पर विवाद हो गया। जहां कथित तौर पर कुछ लोग हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के भीतर बकरीद पर बकरे की कुर्बानी देना चाहते थे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर बकरियों को वहां से हटा दिया गया।

आवासीय इमारतों में कुर्बानी नहीं होने देंगे- किरीट सोमैया

पूर्व सांसद व बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर किसी हाउसिंग सोसायटी के भीतर बकरों की कुर्बानी हुई तो इसके लिए नगर निगम जिम्मेदार होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बकरों को सोसायटी परिसरों में आने की अनुमति कैसे दी गई।

सोमैया ने घाटकोपर पश्चिम की सागर पार्क सोसायटी का दौरा भी किया, जहां कुर्बानी के लिए रखे गए बकरों को लेकर विवाद की खबरें सामने आई थीं। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम ने वहां रखे करीब 22 बकरों को जब्त किया है।

‘धार्मिक परंपरा का सम्मान हो, लेकिन नियमों के तहत’

बीजेपी नेता ने कहा कि कुर्बानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है और उसका सम्मान होना चाहिए, लेकिन यह केवल नगर निगम द्वारा तय स्थानों पर ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में खुलेआम कुर्बानी कर धार्मिक माहौल खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

वहीं बीजेपी कॉर्पोरेटर प्रीति साटम ने भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों और सोसायटियों के कॉमन एरिया में कुर्बानी की अनुमति नहीं है। उन्होंने प्रशासन से सख्ती से नियम लागू करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो लोग सड़क पर उतरेंगे।

सपा प्रमुख अबू आजमी बोले- कुर्बानी जरूरी है

महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा, “सरकार को इस मुद्दे पर ध्यान देकर त्योहार को अच्छी तरह मनाने देना चाहिए। आपस में कोई तनाव नहीं होना चाहिए। यह त्योहार है, कुर्बानी जरूरी होती है। यह फर्ज़ है। अगर व्यक्ति मुसलमान है और उसकी हैसियत है तो कुर्बानी करनी चाहिए लेकिन कानून के मुताबिक सरकार को हर सोसाइटी में अलग जगह देनी चाहिए।"

बकरीद पर मुंबई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

गुरुवार (28 मई) को मुंबई में बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों, दरगाहों और ईदगाहों में नमाज अदा करेंगे। त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुंबई पुलिस ने शहरभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, सुरक्षा के लिए 8 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 21 डीसीपी, 61 एसीपी, 1980 पुलिस अधिकारी और 10,110 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा एसआरपीएफ, दंगा नियंत्रण पथक, क्विक रिस्पॉन्स टीम, डेल्टा फोर्स, कॉम्बैट यूनिट और होमगार्ड्स भी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।