27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘तुम पिछले जन्म की नागिन हो और मैं नाग’, झांसा देकर पाखंडी ने नाबालिग से किया बार-बार दुष्कर्म

महाराष्ट्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नाबालिग लड़की की बीमारी ठीक करने के बहाने एक ढोंगी बाबा ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 27, 2026

Sangli fake baba rape case

सांगली में ढोंगी बाबा ने नाबालिग लड़की से की दरिंदगी (Photo: X/File)

महाराष्ट्र के सांगली जिले से अंधविश्वास और हैवानियत का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बीमारी ठीक करने और देवी-देवताओं का अवतार होने का दावा कर एक ढोंगी बाबा ने नाबालिग लड़की का कई बार यौन शोषण किया। इतना ही नहीं, पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पीड़िता के परिवार से लाखों रुपये भी ऐंठे। इस मामले में विटा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

भगवान का अवतार बताकर जाल में फंसाया

अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग लड़की को पित्ताशय से जुड़ी कोई समस्या थी। मामले के दो अन्य आरोपियों महेश बाबर और सूरज उपाध्याय ने परिवार को विश्वास दिलाया कि संकेत निकम नाम का व्यक्ति भगवान का अवतार है। आरोपियों ने यह भी दावा किया कि लड़की के शरीर में अंबाबाई देवी आती है। इसके बाद परिवार को लगातार पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए मजबूर किया गया।

‘तू पिछले जन्म की नागिन थी, मैं नाग था’

जांच में सामने आया कि ढोंगी बाबा संकेत निकम ने नाबालिग लड़की को यह कहकर मानसिक रूप से प्रभावित किया कि वह पिछले जन्म में नागिन थी और वह खुद नाग था। आरोपी ने लड़की को बताया कि उनका पुनर्जन्म ही दोनों की सिर्फ शादी के लिए हुआ है। इसके बाद उसने नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया।

पुलिस के अनुसार, इसी बहाने संकेत निकम ने विटा स्थित अपने कमरे पर नाबालिग लड़की के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड किये।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया मजबूर

एफआईआर के अनुसार, आरोपी सूरज उपाध्याय ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसके वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे। आरोपी बार-बार यह कहकर लड़की को डराता था कि संकेत बाबा सब कुछ देख रहे हैं। उन्हें सब पता है। जिस वजह से पीड़िता उनके अत्याचार सहती रही।

पूजा-हवन के नाम पर ठगे 5 लाख रुपये

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महेश बाबर और संकेत निकम ने पूजा और हवन कराने के नाम पर पीड़िता के पिता से करीब पांच लाख रुपये वसूले। यह रकम नकद और संकेत निकम के पिता के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई थी।

पीड़ित लड़की की शिकायत के आधार पर विटा पुलिस ने संकेत निकम, महेश बाबर और सूरज उपाध्याय के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अंधविश्वास और जादू टोना विरोधी अधिनियम के साथ ही बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की आगे की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर पूजा महाजन कर रही हैं।

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि अंधविश्वास और तथाकथित बाबाओं के झांसे में फंसकर किस तरह मासूम लोगों का शोषण किया जाता है। पुलिस अब आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य संभावित अपराधों की पड़ताल कर रही है।