
बुलढाणा में शिक्षिका का मोबाइल हैक कर ब्लैकमेल (File Photo)
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 27 वर्षीय महिला शिक्षिका का मोबाइल हैक कर निजी डेटा चोरी किया गया और फिर डरा-धमका कर वीडियो कॉल पर निर्वस्त्र होने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस इस मामले में फरार आरोपी ऋषिकेश गिरी (27) की तलाश कर रही है।
पीड़िता की शिकायत पर सोनाला पुलिस ने 27 वर्षीय ऋषिकेश गिरी के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शिक्षिका के फोन से उसका निजी डेटा, व्हाट्सएप चैट्स और गैलरी के फोटो चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी ने इन निजी तस्वीरों को पति और रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़िता काफी समय तक इस प्रताड़ना को झेलती रही।
डेटा हाथ लगते ही आरोपी ने शिक्षिका को धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह निजी फोटो और वीडियो पति व रिश्तेदारों को भेजकर बदनाम कर देगा। उसने पीड़िता के परिवार को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी। डर और बदनामी से बचने के चक्कर में पीड़िता मानसिक दबाव में आ गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे कई बार वीडियो कॉल कर निर्वस्त्र होने के लिए मजबूर किया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने इन वीडियो कॉल्स की स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी कर ली और उनमें से एक अश्लील वीडियो पीड़िता की बहन को भी भेज दिया।
इस बीच, उसने पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाने की मांग की, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि अगर पीड़िता उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाएगी तो वह उसे और उसके बच्चे को जान से मार देगा।
लगातार हो रहे उत्पीड़न और बच्चे की जान को खतरा देखते हुए पीड़िता ने आखिरकार सोनाला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी ऋषिकेश गिरी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पुलिस ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक, ऐप या कॉल से सावधान रहें और निजी जानकारी साझा करने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Updated on:
13 Mar 2026 05:31 pm
Published on:
13 Mar 2026 05:31 pm
