पटोले ने यह भी कहा कि सांगली सीट के मुद्दे को दो दिनों के भीतर मध्यस्थता के जरिए सुलझा लिया जाएगा। बता दें कि एमवीए गठबंधन में कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार) और शिवसेना (उद्धव गुट) है। जबकि एमवीए के तीनों दल ‘इंडिया’ गठबंधन का भी हिस्सा है।
हम सांगली जीतेंगे- राउत
सांगली सीट को लेकर कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेताओं के बीच आर-पार की स्थिती बनती दिख रही है। बीते हफ्ते मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र की सभी 48 सीटें एमवीए की हैं, शिवसेना (यूबीटी) या कांग्रेस की नहीं। सांगली सीट शिवसेना के पास होने से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं। अमरावती और कोल्हापुर हमारी सीटें थीं, लेकिन हमने अपने कार्यकर्ताओं को समझाया... अगर सांगली में कांग्रेस के कुछ लोग नाराज हैं, तो उन्हें समझाना शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी है... हम सांगली की सीट जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।''
क्यों मची है रार?
महाराष्ट्र की सांगली लोकसभा सीट पर पिछले कई सालों से कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ रही है। हालांकि, इस साल के लोकसभा चुनाव में उद्धव गुट ने सांगली सीट पर न केवल दावा किया, बल्कि फैसला होने से पहले ही चंद्रहार पाटिल को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस पर महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेताओं ने नाराजगी भी जताई, लेकिन उद्धव खेमे ने अपना उम्मीदवार वापस लेने से मना कर दिया। जबकि सांगली पर हक पाने के लिए कांग्रेस के जिला और राज्य स्तर के नेता खूब दम भर रहे है। सांगली के नेताओं के लिए यह अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है।