
अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा
लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। खबरों के मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ ही विधायक पद से भी इस्तीफा दिया है। चव्हाण जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकते है। उनके साथ कांग्रेस के कई विधायक व नेता भी पाला बदल सकते है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण कथित तौर पर कांग्रेस आलाकमान से नाखुश थे। इसके अलावा 65 वर्षीय चव्हाण की कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले से भी नहीं बनती थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 15 फरवरी को अशोक चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। चव्हाण ने प्रति छोड़ने के साथ ही विधायकी से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर को इस्तीफा सौंपा है। चव्हाण दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे थे। यह भी पढ़े-बाबा सिद्दीकी 10 फरवरी को NCP में शामिल, अजित पवार बोले- अभी और लगेगा झटका
फडणवीस बोले- आगे आगे देखिए होता है क्या
महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायकों और नेताओं के बीजेपी में जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “कई नेता हमारे संपर्क में है... कांग्रेस आलाकमान के व्यवहार से नाराज कई नेता बीजेपी में आना चाहते है..वे अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं.. पीएम मोदी के काम से प्रभावित होकर खासकर जननेता देशहित के काम से जुड़ना चाहते है.. कई बड़े नेता हमारे संपर्क में है.. इसका खुलासा अभी नहीं करेंगे.. बाद में खुद हो जाएगा...आगे आगे देखिये होता है क्या?”
बीजेपी चव्हाण को भेज सकती है राज्यसभा
खबर है कि अशोक चव्हाण को बीजेपी राज्यसभा भेज सकती है। दरअसल बीजेपी की राज्य इकाई के नेता चव्हाण को महाराष्ट्र में मंत्री बनाने का विरोध कर रहे है। वहीँ, बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि उन्हें इस बारे में अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। हालांकि उन्होंने चव्हाण के बीजेपी में आने के संकेत दिए है। बावनकुले ने कहा, विकसित भारत के संकल्प में हमारा साथ देने वाले और हमारी विचारधार से काम करने वाले इच्छुक को हम पार्टी में शामिल करेंगे।
कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने पार्टी से दिया इस्तीफा-
एक महीने में 3 बड़े झटके
राज्य में यह सियासी भूकंप कांग्रेस के पूर्व नेता बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी के अजित पवार की पार्टी एनसीपी में शामिल होने के दो दिनों बाद हुआ है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी शनिवार को अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल हुए। सिद्दीकी ने गुरुवार को कांग्रेस को अलविदा कहा था। सिद्दीकी मुंबई के बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे हैं। सिद्दीकी मुंबई में कांग्रेस का एक प्रमुख अल्पसंख्यक चेहरा थे।
पिछले महीने कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ दी और शिवसेना में शामिल हो गए। इसके साथ ही देवड़ा परिवार का कांग्रेस से 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए।
Published on:
12 Feb 2024 01:20 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
