
Devendra Fadnavis Office Vandalized : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय में एक महिला ने तोड़फोड़ की। यह घटना गुरुवार रात में मुंबई स्थिति मंत्रालय के अंदर हुई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विरोधी सरकार पर निशाना साध रहे है। इस बीच, मुंबई पुलिस ने आरोपी महिला कि पहचान कर ली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मंत्रालय स्थित कार्यालय में एक अज्ञात महिला ने तोड़फोड़ की है। वह मंत्रालय का पास लिए बिना ही गुरुवार देर शाम गेट से अंदर दाखिल हो गईं। तोड़फोड़ करने के बाद महिला सुरक्षाकर्मियों से बचकर भाग निकली।
बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस कमिश्नर ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। इस घटना को मंत्रालय की सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। महिला मंत्रालय का पास लिए बिना ही सचिव गेट से मंत्रालय में दाखिल हो गई। इसके बाद उसने फडणवीस के कार्यालय में तोड़फोड़ की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने दफ्तर के बाहर लगी देवेंद्र फडणवीस की नेमप्लेट को उखाड़कर जमीन पर पटक दिया और नारेबाजी की। उसने वहां रखे कुछ गमलों को भी तोड़ दिया। इसके बाद महिला वहां से चली गयी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मरीन ड्राइव पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। महिला ने ऐसा क्यों किया? इसका पता पुलिस लगा रही है।
डीसीपी डॉ. प्रवीण मुंढे (Pravin Mundhe) ने बताया कि महिला की पहचान हो गई है। पहले भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और अदालत को एक रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट में यह उल्लेख किया गया है कि महिला मानसिक रूप से स्थिर नहीं है और उसे मेंटल हॉस्पिटल भेजा जाना चाहिए लेकिन उसके भाई ने उसे संभालने की जिम्मेदारी ली थी इसलिए उसे अदालत ने रिहा कर दिया। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है. उसके मंत्रालय में प्रवेश करने पर कहां चूक हुई इसकी जांच चल रही है..."
Updated on:
27 Sep 2024, 6:37 PM IST
Published on:
27 Sep 2024, 6:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.