29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुरंतो एक्सप्रेस के शौचालय में बर्तन धो रहा था IRCTC कर्मचारी! FSSAI ने रेलवे को थमाया नोटिस

यह मामला केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी बहस का विषय बन गया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 29, 2026

Mumbai-Ernakulam Duronto Express viral video

ट्रेन के शौचालय में चमकाए जा रहे थे खाने के बर्तन! दुरंतो एक्सप्रेस का मामला (Photo: X/@truth_on_track)

भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाली खानपान सेवाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मुंबई-एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस में कथित तौर पर ट्रेन के टॉयलेट के अंदर खाने के बर्तन धोने का मामला सामने आया है। इससे सोशल मीडिया पर भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वायरल वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए आईआरसीटीसी (IRCTC) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

दुरंतो एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में शर्मनाक वाकया

मामला ट्रेन संख्या 12223 मुंबई-एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘Truth On Track’ नाम के अकाउंट द्वारा साझा किए गए वीडियो में एक कथित IRCTC कर्मचारी ट्रेन के शौचालय के अंदर बंद कमोड सीट के ऊपर बर्तनों से भरी टोकरी रखते हुए दिखाई दे रहा है।

दावा किया जा रहा है कि इन बर्तनों का इस्तेमाल यात्रियों को भोजन परोसने के लिए किया गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की खानपान व्यवस्था और स्वच्छता मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई लोगों ने सवाल किया कि जब यह घटना फर्स्ट एसी जैसे प्रीमियम कोच में हो सकती है, जहां बेहतर सुविधाओं और उच्च स्तर की स्वच्छता की उम्मीद की जाती है, तो अन्य श्रेणियों में स्थिति और बदतर होगी।

यात्रियों ने इसे खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

FSSAI सख्त, IRCTC को थमाया नोटिस

बढ़ते विवाद के बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने आईआरसीटीसी (IRCTC) को नोटिस जारी कर पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि खाद्य व्यवसाय संचालकों के लिए भोजन, बर्तनों और खाद्य संपर्क सतहों को दूषित होने से बचाने हेतु उचित सफाई, धुलाई और हैंडलिंग प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है।

एफएसएसएआई के अनुसार वायरल वीडियो से यह प्रतीत होता है कि दुरंतो एक्सप्रेस में खानपान सेवा से जुड़े बर्तनों को ट्रेन के टॉयलेट क्षेत्र में रखा या साफ किया जा रहा था। यदि जांच में यह आरोप सही साबित होता है, तो यह निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रत्यक्ष उल्लंघन माना जाएगा। अब सभी की निगाहें आईआरसीटीसी की प्रतिक्रिया और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।