
नागपुर में 14 वर्षीय अथर्व की हत्या से सनसनी (Photo: X/IANS)
महाराष्ट्र के नागपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। हनुमान जयंती के दिन शोभायात्रा से लापता हुए 14 वर्षीय किशोर अथर्व दिलीप नैनोरे का शव शनिवार को बेहद वीभत्स अवस्था में मिला।
नागपुर के गिट्टीखदान इलाके का रहने वाला अथर्व 2 अप्रैल (गुरुवार) को हनुमान जयंती की शोभायात्रा में गया था। वह आखिरी बार शोभायात्रा में ही देखा गया, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। हालांकि, दो दिन बाद शनिवार (4 अप्रैल) को शहर से कई किमी दूर कलमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के भरतवाड़ा में रिंग रोड के पास उसका शव बरामद हुआ।
अथर्व का शव जिस अवस्था में मिला, उसे देखकर पुलिस अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। किशोर का शव एक बोरे में बंद था और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसकी आंखें, जीभ और चेहरे को बुरी तरह विकृत कर दिया था। शरीर पर कई गहरे घाव थे। पुलिस अब उस बोरे पर अंकित ट्रेडमार्क और बैच नंबर के जरिए कातिलों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को एक आइसक्रीम पार्लर का सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें अथर्व अपने दो दोस्तों के साथ जाता दिख रहा है। जब पुलिस ने उन दोस्तों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अथर्व को घर चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद क्या हुआ, उन्हें कुछ पता नहीं है।
पुलिस यह पता लगाने के लिए छानबीन कर रही है कि अथर्व कहां गया था। पुलिस को संदेह है कि हत्यारा कोई परिचित हो सकता है, क्योंकि अथर्व को उन्हीं गलियों से ले जाया गया जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। उसे इलाके की पूरी जानकारी थी। अथर्व को सुनसान रास्तों से ले जाया गया, क्योंकि किसी भी सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध दिखाई नहीं दिए हैं।
फिलहाल पैसों के विवाद में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। चूंकि हत्या पूर्णिमा की रात के आसपास हुई है और शव को क्षत-विक्षत किया गया, इसलिए पुलिस नरबलि के एंगल से भी जांच कर रही है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र सिंगल ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और जांच की समीक्षा की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती भी की गई है।
Published on:
05 Apr 2026 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
