Mumbai Rain Alert : मौसम विभाग ने अगले दो घंटों में मुंबई और आसपास के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
Mumbai Rains Update: मानसून के सक्रीय होने से मुंबई समेत महाराष्ट्र के अन्य तटीय जिलों में रविवार को भारी बारिश हुई। सुबह से भारी बारिश के कारण मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई और देरी से चल रहीं है। वहीँ मौसम खराब होने की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर भी कुछ उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से बाधित होने की खबर है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि रविवार को मुंबई शहर तथा उपनगरों और ठाणे और पालघर जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, पड़ोसी जिले रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट, ठाणे और पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, आईएमडी ने अगले दो घंटे तक मुंबई और उससे सटे जिलों में जोरदार बारिश होने की चेतावनी दी है।
मुंबई के कई हिस्सों में रात से ही गरज और बिजली कड़कने के साथ बारिश हो रही है। हालांकि दोपहर तक दक्षिण मुंबई में बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो गई। उपनगर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की सूचना भी आई।
कुर्ला में एलबीएस रोड पर जलभराव के विडियो सामने आये है. जबकि जलभराव के कारण वकोला ब्रिज पर उत्तर की ओर जाने वाला यातायात धीमी गति से चल रहा है। वहीँ, रामनगर सबवे पर दक्षिण की ओर जाने वाला यातायात भी पानी भरने के चलते धीमा हो गया।
सोमवार को वडाला में 161 मिमी, प्रभादेवी में 150, माटुंगा में 147 मिमी, लोअर परेल में 143 मिमी, दादर में 142 मिमी, बांद्रा में 148 मिमी, वर्ली में 146 मिमी, सीएसएमटी में 135 मिमी, सायन में 134 मिमी, भायखला में 115 मिमी, चेंबूर में 111 मिमी, धारावी में 109 मिमी, बीकेसी में 103 मिमी, महालक्ष्मी में 102 मिमी, कोलाबा में 100 मिमी, सांताक्रुज में 86 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
बीएमसी के अनुसार, सोमवार दोपहर 3 बजकर 31 मिनट पर समुद्र में 4.21 मीटर की ऊंचाई तक लहरें उठ सकती हैं। अधिकारियों ने आपातकालीन स्थिति में सहायता या आधिकारिक जानकारी के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC Helpline Number) के मुख्य नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करने की अपील की।