
nana patole
Maharashtra Congress : महाराष्ट्र में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नाना पटोले के इस्तीफे की खबर आई है। हालांकि अब खुद पटोले ने इस खबर का खंडन किया है। उन्होंने इसे अफवाह बताया है।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को दावा किया था कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पटोले ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को एक पत्र भेजा था और उन्होंने खुद को उनकी मौजूदा जिम्मेदारी से मुक्त किये जाने की इच्छा जताई थी।
नागपुर में शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए नाना पटोले ने कहा, ‘‘मैंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है...अफवाहें फैलाई जा रही हैं।’’
पटोले ने आगे कहा, “महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) प्रमुख का कार्यकाल तीन साल का होता है और मैं चार साल से इस पद पर हूं। मैंने पहले भी कहा है कि मैंने अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाई है और यह अंदरूनी मामला है इसलिए खुलासा नहीं किया जा सकता है। पार्टी आगे तय करेगी.. मेरा मानना है कि संगठन में काम करने का मौका सभी को मिलना चाहिए।“
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति को 288 में से 235 सीटों पर जीत मिली। अकेले बीजेपी को 132 सीटों पर जीत मिली और बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। शिवसेना को 57 और अजित पवार की एनसीपी को 41 सीटों पर जीत हासिल हुई। महाविकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस महज 16 सीटें ही जीत पाई। इसके अलावा, शिवसेना (यूबीटी) को 20 और शरद पवार की एनसीपी 10 सीटों पर सिमट गई।
Updated on:
15 Dec 2024, 2:51 PM IST
Published on:
15 Dec 2024, 2:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.