
Sanjay Raut : महाराष्ट्र में महायुति सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। राजभवन में शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस बीच, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता संजय शिरसाट ने उद्धव गुट की शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है।
एक न्यूज चैनल से बात करते हुए शिवसेना नेता शिरसाट ने कहा, “सही मायने में अगर शिवसेना उद्धव ठाकरे को किसी ने डुबाया है तो वह है संजय राउत... उन्ही की वजह से आज यह हाल हुआ है। शरद पवार की भी हालत आज जो खराब दिख रही है, उसका वजह भी संजय राउत ही है...वें जिसके साथ भी रहेंगे उसका भला नहीं हो सकता.. वें राजनीति के काली बिल्ली की तरह है...वें महाविकास आघाडी (MVA) में काली बिल्ली जैसे हैं। इसलिए वहां कुछ सही नहीं रहेगा, जो कुछ भी होगा बुरा ही होगा।”
बता दें कि देवेंद्र फडणवीस ने 5 दिसंबर को तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अजित पवार और एकनाथ शिंदे ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुंबई में हुए इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के प्रमुख नेता, बॉलीवुड सितारे और सभी क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद थे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 'महायुति' गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। महायुति में शामिल बीजेपी ने 132, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) का महाविकास अघाडी गठबंधन (MVA) महज 46 सीटों पर सिमट गया।
Updated on:
13 Dec 2024, 10:12 PM IST
Published on:
13 Dec 2024, 10:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.