
महाराष्ट्र में गुरुवार को 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। मुंबई स्थित मंत्रालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम शिंदे ने कहा, राज्य सरकार राज्य के समग्र विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों, खेत मजदूरों, महिलाओं, विद्यार्थियों समेत सभी वर्गों के विकास के लिए विभिन्न योजनायें चल रही हैं।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र को विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों का प्रभावी कार्यान्वयन जारी है। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल में राज्य सरकार ने बेहतरीन काम किया है। विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाकर दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इसमें महाराष्ट्र की बड़ी हिस्सेदारी होने वाली है। उन्होंने बताया कि राज्य उस दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने राज्य में निवेशकों, उद्यमियों, आम नागरिकों के बीच विश्वास पैदा करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमने राज्य में 1.5 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा है। राज्य की लॉजिस्टिक्स नीति की घोषणा की गई है। इससे राज्य सरकार को अगले पांच साल में 30 हजार करोड़ का राजस्व मिलेगा। निवेशकों का विश्वास बढ़ने से राज्य में निवेश की गति बढ़ी है।
उन्होंने आगे कहा, “पिछले दो वर्ष में पांच लाख करोड़ रुपये के सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप 2.5 लाख नौकरियां सृजित होंगी... भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के मामले में महाराष्ट्र पहले स्थान पर है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कुल आय में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 14 फीसदी है। महाराष्ट्र उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नंबर वन है। महाराष्ट्र विदेशी पर्यटकों की भी पसंद है।
सीएम शिंदे ने जोर देकर कहा कि राज्य में करीब 10 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे के काम चल रहे हैं। राज्य में जमीनी स्तर पर लोगों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भेदभाव किए बिना सर्वांगीण विकास का प्रयास कर रही है।
Updated on:
15 Aug 2024 06:41 pm
Published on:
15 Aug 2024 06:36 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
