
नागपुर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
महाराष्ट्र के नागपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां आईटी सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारी ने कथित तौर पर अपने बॉस की फटकार से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से हड़कंप मच गया है। शुरुआत में आरोपियों ने बॉस की मौत हादसे से होने का नाटक रचा। लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई।
जानकारी के मुताबिक, नागपुर के बेलतरोडी पुलिस स्टेशन की सीमा में यह वारदात हुई। मृतक एल देवनाथन उर्फ एनआर लक्ष्मीनरसिंघम असिस्टेंट मैनेजर थे। 41 वर्षीय देवनाथन हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले थे। वह 10 महीने से मिहान स्थित हेक्सावेयर टेक्नोलॉजी (Hexaware Technologies) में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। वह नागपुर के मनीषानगर में अग्निरथ कॉम्प्लेक्स में रहते थे। यह भी पढ़े-मुंबई लोकल ट्रेन के यात्रियों में ‘फटका गैंग’ का आतंक, अब युवक ने गंवाया हाथ
वहीँ, आरोपियों की पहचान गौरव भीमसेन चंदेल (उम्र 32) और पवन अनिल गुप्ता (उम्र 28) के रूप में हुई है। ये दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे और मध्य प्रदेश के मूल निवासी थे। आरोपी पवन देवनाथन का रूम पार्टनर भी था। जब काम में गलतियाँ हो जाती थी तो सीनियर होने के कारण देवनाथन उन्हें डांटता था और गुस्सा करता था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उन्होंने हत्याकांड को अंजाम दिया।
आरोपी गौरव और पवन अक्सर बॉस देवनाथन के साथ उनके कमरे पर पार्टी करने जाते थे। सोमवार आधी रात को भी तीनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। तभी देवनाथन ने दोनों से कहा कि अगर उन्होंने अब काम में गलतियाँ की तो वह बर्दाश्त नहीं करेगा और उन्हें नौकरी से निकाल देगा। देवनाथन की इस धमकी से गौरव और पवन आग बबूला हो गए।
इसी दौरान नशे में धुत होकर उन्होंने देवनाथन के सीने में चाकू मार दिया। देवनाथन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने हादसा होने का नाटक रचा। वह देवनाथन को अस्पताल ले गए। आरोपियों ने दावा किया कि देवनाथन गिर गए थे और उनकी छाती पर चोट लगी है। हालांकि डॉक्टरों ने देवनाथन को मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पुलिस को पहले से ही गौरव और पवन पर संदेह था। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने इस मामले में दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की जानकारी फरीदाबाद में रहने वाले देवनाथन के पिता एनआर लक्ष्मी नरसिंहम (उम्र 68) और छोटे भाई एल देवराजन (उम्र 37) को दे दी गयी। परिवार में कोहराम मच गया है।
Published on:
22 Feb 2024 08:28 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
