
प्रेम जाल में फंसाकर लड़कियों का यौन शोषण करने वाला शाहिद गिरफ्तार (Photo: X/File)
महाराष्ट्र के अमरावती में अयान अहमद यौन शोषण और वायरल वीडियो मामले की जांच अभी जारी ही है कि अब कोल्हापुर जिले से एक और बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हातकणंगले तालुका के एक गांव में 22 वर्षीय शाहिद समीर सनदी पर कई युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी शाहिद समीर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शाहिद फार्मेसी का छात्र है। उसने सोशल मीडिया के जरिए 18 से 22 साल की युवतियों से संपर्क किया और उन्हें प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद वह उन्हें कोल्हापुर और शिरोली के लॉज में ले जाकर उनका यौन शोषण करता था।
इतना ही नहीं, आरोपी लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो भी बनाता था और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवतियों का मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए राजारामपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, शाहिद के पास 10 से 15 युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो होने की आशंका है, जिससे इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने एक पीड़िता का वीडियो अपने एक दोस्त के साथ शेयर किया था। वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मुख्य आरोपी शाहिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे पेठवडगांव कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और डिजिटल सबूत खंगाले जा रहे हैं।
घटना के सामने आने के बाद शाहिद सनदी का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में वह अपने कृत्य को स्वीकार करने का दावा करता है और यह भी कहता है कि उसे हिंदू संगठनों ने समझाया है। वह अब ऐसा दोबारा नहीं करेगा। हालांकि, अभी तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस घटना के विरोध में शिरोली गांव में बंद का आह्वान किया गया। सकल हिंदू समाज, बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठनों ने इस मामले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुस्लिम समाज ने भी दोष साबित होने पर कड़ी सजा देने की मांग की है।
उधर, स्थानीय नागरिकों ने शिरोली एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपकर अपना गुस्सा जाहिर किया और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Published on:
28 Apr 2026 01:05 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
