
महाराष्ट्र में लंपी वायरस की दूसरी लहर शुरू?
Maharashtra Lumpy Virus News: महाराष्ट्र में लंपी वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। राज्य के कम से कम 13 जिलों में लंपी बीमारी से पीड़ित मवेशी मिले है। जिस वजह से किसानों की चिंता बढ़ गयी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, राज्य में लंपी वायरस से कुल 1224 मवेशियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में पिछले एक महीने में ‘लंपी’ रोग से पीड़ित 22 से ज्यादा मवेशियों की जान जा चुकी है। राज्य के पशुपालन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जलगांव, अहमदनगर, अकोला, धुले, पुणे, लातूर, औरंगाबाद, बीड, सतारा, बुलढाणा, अमरावती, उस्मानाबाद और कोल्हापुर जिलों के 133 गांवों में लंपी वायरस फैल चुका है। यह भी पढ़े-Mumbai: बड़ा रेल हादसा टला! कल्याण स्टेशन के पास पटरी टूटी, कुछ ही देर में गुजरने वाली थी ट्रेन
752 संक्रमित मवेशी हुए ठीक
महाराष्ट्र में लंपी वायरस से 1,224 संक्रमित मवेशियों में से 752 इलाज के बाद ठीक हो गए, जबकि 22 की मौत हो गई। मवेशियों के लिए जानलेवा बनी यह बीमारी महाराष्ट्र के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली में भी फैल रही है।
लंपी बीमारी के लक्षण?
लंपी एक संक्रामक रोग है, जिसकी चपेट में आने वाले मवेशियों की त्वचा पर गांठें हो जाती हैं। इससे पीड़ित मवेशियों को बुखार, दूध कम बनना, त्वचा पर गांठ, नाक तथा आंखों से पानी निकलना आदि समस्या होती हैं. हालांकि इस बीमारी का इलाज संभव है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
पशुपालन विभाग ने किसानों से अपील की है कि उनके मवेशियों में लंपी के लक्षण दिखने पर तुरंत पशु औषधालय या पशुपालन विभाग के टोल-फ्री नंबर 18002330418 या पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए राज्य-स्तरीय टोल-फ्री नंबर 1962 पर संपर्क करें।
राज्य में लंपी के बढ़ते प्रकोप को देखते प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हाल ही में पशुपालन आयुक्त सचिन्द्र प्रताप सिंह ने अकोला जिले का दौरा कर पीड़ित पशुओं के इलाज व वैक्सीनेशन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। वहीँ, राज्य के जिन जिलों में लंपी बीमारी फैली है, वहां मवेशियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि संक्रमित क्षेत्रों के पांच किमी के दायरे में 622 गांवों में कुल 2 लाख 21 हजार से ज्यादा पशुओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं।
Published on:
06 Sept 2022 01:36 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
