
महाराष्ट्र में बारहवीं कक्षा की बोर्ड (HSC Board Exam) परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने बोर्ड परीक्षाओं में नकल के प्रति जीरो टॉलरेंस का रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नकल के मामलों में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए है। जिस परीक्षा केंद्र पर 10वीं या 12वीं की परीक्षाओं में सामूहिक नकल होने का खुलासा हुआ, उसकी मान्यता स्थाई रूप से निरस्त की जाएगी। साथ ही नकल कराने में मदद करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को बर्खास्त करने का आदेश दिया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में सीएम ने राज्य के सभी कलेक्टरों, पुलिस अधिकारियों से बोर्ड परीक्षा की तैयारी और कार्रवाई को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने यह आदेश दिया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य मंत्री मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्र क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। पुलिस की तैनाती के साथ ही संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन कैमरे और वीडियो कैमरे से निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
उन्होंने निर्देश दिये कि नकल मुक्त वातावरण में परीक्षा कराने की जिम्मेदारी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी की होगी। वहीं शहरी इलाकों में यह जिम्मेदारी पुलिस आयुक्त और नगर निगम आयुक्त की होगी और उन्हें उसी के अनुरूप काम करना होगा। उन्होंने अंग्रेजी, गणित और विज्ञान विषयों की परीक्षा के दिन कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी को खुद संवेदनशील केंद्रों का दौरा करने को कहा है।
बता दें कि बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 11 फरवरी से 18 मार्च तक राज्यभर में 3,373 परीक्षा केंद्रों पर होगी। वहीँ, बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 17 मार्च तक 5,130 परीक्षा केंद्रों पर होगी।
Updated on:
11 Feb 2025, 9:30 PM IST
Published on:
11 Feb 2025, 9:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.