
फर्जी वारंट लेकर आये थे ठग (AI Image)
महाराष्ट्र के सांगली जिले (Sangli Crime) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ‘स्पेशल 26’ की याद दिला दी। फिल्म की तरह ही यहां नकली आयकर अधिकारियों ने छापा मारने का नाटक रचा और करोड़ों की लूट को अंजाम दे डाला। यह मामला कवठेमहांकाल शहर का है, जहां के प्रसिद्ध डॉक्टर जगन्नाथ म्हेत्रे के घर रविवार रात 11 बजे कुछ ठग फर्जी आयकर अधिकारी बनकर आये और तसल्ली से करोड़ों की लूट की। आरोपियों में तीन अज्ञात पुरुष और एक महिला शामिल थी।
डॉ. म्हेत्रे का सांगली में गुरुकृपा अस्पताल है और वे अस्पताल के ऊपरी मंजिल पर ही रहते हैं। वारदात के समय म्हेत्रे और उनकी पत्नी ही घर पर थी।
पुलिस ने बताया कि चार लोगों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर उनके घर में प्रवेश किया। उन्होंने बाकायदा सर्च वारंट दिखाया और घर की तलाशी लेने लगे। तलाशी के दौरान इन ठगों ने बेहद चालाकी से करीब 16 लाख रुपये नकद और लगभग एक किलो सोने के गहने अपने कब्जे में ले लिए। कुल मिलाकर दो करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पर हाथ साफ कर वे फरार हो गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान डॉक्टर म्हेत्रे को संदेह तो हुआ, लेकिन जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से निकल चुके थे।
जैसे ही ठगी का एहसास हुआ, डॉ. म्हेत्रे ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही कवठेमहांकाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में साफ हुआ कि पूरा छापा फर्जी था और आरोपी महज नकली आयकर अधिकारी बनकर लूटपाट करने आए थे।
इस वारदात ने पूरे सांगली जिले में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि आम लोग असली और नकली जांच अधिकारियों में फर्क कैसे करें, ताकि भविष्य में कोई और इस तरह की ठगी का शिकार न हो।
Updated on:
16 Sept 2025 10:50 am
Published on:
16 Sept 2025 10:49 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
