(मुंबई): मुंबई में शुक्रवार को दस मोबाइल मेडिकल वाहनों का शुभारंभ किया गया। इससे राज्य के सुदूर इलाकों के साथ ही शहर के झोपड़पट्टी इलाकों में अब स्वास्थ्य सेवा लोगों तक आसानी से पहुंच सकेगी। इस सेवा को शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दीपक सावंत, परिवहन मंत्री दिवाकर राटे के साथ ही महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. प्रदीपकुमार व्यास, अनूपकुमार यादव, संजीव कांबले, डॉ. सतीश पवार समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दी गई। दस मोबाइल चिकित्सा वाहनों में पांच मोबाइल मेडिकल वाहनों के जरिए मुंबई की विभिन्न झोपड़पट्टियों में सेवाएं दी जाएंगी और पांच मोबाइल वाहनों की मदद से नागपुर, नांदेड़, औरंगाबाद, नवी मुंबई-पनवेल और कोल्हापुर जैसे सुदूर इलाकों में चिकित्सा सेवा पहुंचाई जाएगी। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चिकित्सा सेवा मिलेगी। बता दें कि एक मोबाइल मेडिकल वाहन में एक डॉक्टर, एक नर्स, एक टेक्नीशियन समेत एक फार्मासिस्ट और एक ड्राइवर मौजूद रहेगा।