
अनिल अंबानी को झटका! लीज पर दिए गए 5 एयरपोर्ट को वापस लेगी महाराष्ट्र सरकार
Devendra Fadnavis on Maharashtra Airport: कर्ज संकट से जूझ रहे कारोबारी अनिल अंबानी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। दरअसल महाराष्ट्र सरकार अंबानी की कंपनी को लीज पर दिए पांच एयरपोर्ट को वापस लेने पर विचार कर रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार अनिल अंबानी की रिलायंस एयरपोर्ट डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (RADPL) से पांच एयरपोर्ट वापस लेगी।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने 2009 में इन पांच हवाई अड्डों को अनिल अंबानी की रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की सहायक कंपनी आरएडीपीएल को 30 साल के लिए लीज पर दिया था। सरकार ने अब इन्हें वापस लेने का फैसला किया है। इन पांच हवाई अड्डों में बारामती, नांदेड, लातूर, यवतमाल और उस्मानाबाद शामिल हैं। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र के बिजनेसमैन ने खेला ऑनलाइन जुआ, 5 करोड़ रुपये जीते, 58 करोड़ रुपये गंवाए, सट्टेबाज फरार!
RADPL एयरपोर्ट की नहीं कर रही देखभाल
रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि RADPL हवाई अड्डों का रखरखाव नहीं कर रही है। इसके अलावा बकाया का भुगतान भी नहीं किया गया है। ऐसे में नांदेड एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि महाधिवक्ता से एयरपोर्ट के अधिग्रहण के कानूनी मुद्दे पर चर्चा कर आगे कदम उठाया जायेगा। उन्होंने यहाँ भी कहा कि राज्य सरकार पांचों हवाईअड्डों के सभी बकाए का भी भुगतान करेगी और कंपनी से राशि वसूल करेगी।
32 में से केवल 11 एयरपोर्ट चालू
डिप्टी सीएम फडणवीस की इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि राज्य में लगभग 32 हवाई अड्डे हैं, जिनमें से केवल 11 चालू हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि नांदेड हवाई अड्डा लंबे समय से बंद है। इसके अलावा, मुंबई हवाई अड्डे पर भी प्रमुख शहरों से उड़ानों के लिए पर्याप्त स्लॉट उपलब्ध नहीं हैं, जिससे राज्य में यात्रा करना मुश्किल हो गया है।
नोडल एजेंसी का होगा गठन
इस पर फडणवीस ने आश्वासन दिया कि वह मुंबई हवाई अड्डे पर अधिक स्लॉट उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। वह जल्द ही मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे और राज्य के प्रमुख शहरों के लिए अधिक स्लॉट उपलब्ध कराने के लिए कहा जाएगा। इसके अलावा फडणवीस ने नोडल एजेंसी की स्थापना की भी घोषणा की है. यह नोडल एजेंसी एयरपोर्ट के विकास का काम देखेगी।
Published on:
23 Jul 2023 06:19 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
