
pandurang fudkar file photo
(मुंबई): महाराष्ट्र से एक बूरी खबर है। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर का गुरुवार सुबह निधन हो गया। फुंडकर की मौत के बाद से राज्य में शौक व्याप्त है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस व अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दिल का दौरा आने से हुई मौत
महाराष्ट्र ने आज एक दिग्गज नेता को खो दिया। राज्य की जनता की आवाज उठाने वाले बीजेपी नेता पांडुरंग फुंडकर का देहावसान हो गया। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद उन्हें मुंबई के 'के.जे सोमैया अस्पताल' में भर्ती करवाया गया। गुरूवार सुबह चार बजे के करीब इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। पांडुरंग 67 वर्ष के थे। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें दिल का दौरा पडा था।
पांडुरंग फुंडकर का राजनीतिक सफर
पांडुरंग फुंडकर महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता थे। उन्होंने राज्य में बीजेपी को बढाने के लिए अद्वितीय काम किया था। फुंडकर का जन्म 1950 में खामगांव में हुआ था। उन्होंने पहली बार खामगांव विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत प्राप्त की। उन्होंने 1980 में दोबारा खमगांव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह 1991 से 1996 तक महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे। फुंडकर जुलाई 2016 को फडनवीस सरकार के मंत्रीमंडल में शामिल हुए थे। फुंडकर ने तीन बार अकोला संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी किया।
पीएम मोदी व अमित शाह ने व्यक्त की संवेदना
पांडुरंग फुंडकर के देहांत के बाद से राज्य में शौक की लहर दौड़ गई। राज्य के मुख्यमंत्री और अन्य बीजेपी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने फुंडकर को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि महाराष्ट्र में बीजेपी निर्माण में उनका बहुत बड़ा योगदान था। उनकी पहचान राज्य में किसानों के हित में आवाज उठाने वाले नेता के रूप में थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा की महाराष्ट्र के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर के देहांत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वह जनता के चहेते नेता थे। वह तीन बार अकोला से सांसद रहे। भाऊसाहेब फुंडकर ने बिना थके राज्य में बीजेपी को फैलाने का काम किया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है।
Published on:
31 May 2018, 3:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.