
Maharashtra Monsoon 2024 : मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में अगले 72 घंटों के दौरान आंधी और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार और रविवार को मुंबई उपनगर के कुछ हिस्सों में हलकी बारिश हुई. जबकि ठाणे में आज बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने ठाणे जिले के लिए रविवार-सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि पड़ोसी पालघर जिले में भी तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शहर में आज हलकी से मध्यम बारिश और अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ छींटे पड़ने की भविष्यवाणी की है।
मुंबई में मंगलवार तक दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान हैं। मुंबई शहर की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान खासकर शाम या रात के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
पुणे, महाबलेश्वर में झमाझम बारिश हो रही है। 24 घंटों में (आज सुबह 8 बजे तक) पुणे में तेज आंधी के साथ माध्यम बारिश हुई। पुणे के तलेगांव में सबसे ज्यादा 60.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद हडपसर इलाके में 52 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने पुणे में 48 घंटे में तेज हवा के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही ओले पड़ने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीँ, सतारा जिले के महाबलेश्वर में 24 घंटे में 48 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश के चलते अगले कुछ दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट होगी। फ़िलहाल राज्य में लू की कोई चेतावनी नहीं है। आज राज्य में सबसे कम तापमान पुणे में 19.8 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) दर्ज हुआ है।
Updated on:
12 May 2024 03:56 pm
Published on:
12 May 2024 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
