15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्यार के चक्कर में गवानी पड़ी जान, महाराष्ट्र के जालना में 19 साल के लड़के को तलवार से काटकर मार डाला

Jalna Crime News: महाराष्ट्र के जालना में 19 वर्षीय युवक राजेश कोरकाने की अज्ञात हमलावरों ने तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने का शक है और आरोपियों की तलाश जारी है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Pooja Gite

May 15, 2026

Jalna Crime News

photo ai

Maharashtra Sword Attack: महाराष्ट्र के जालना जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अंबड़ तालुका के रुई गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक 19 साल के युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान राजेश कोरकाने के रूप में हुई है। हमलावरों ने युवक पर इस कदर बर्बरता दिखाई कि मौके पर ही उसकी जान चली गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में भारी तनाव और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

सिर पर तलवार से किए ताबड़तोड़ वार

जानकारी के अनुसार, वारदात के वक्त हमलावरों ने 19 वर्षीय राजेश कोरकाने को घेर लिया और उस पर तलवार से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने मुख्य रूप से राजेश के सिर पर गहरे घाव किए, जिसके कारण खून ज्यादा बह गया और उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना इतनी अचानक और खौफनाक थी कि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे।

प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का शक

इस खूनी वारदात के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड के पीछे कोई गंभीर प्रेम प्रसंग का विवाद हो सकता है। चर्चा है कि राजेश का किसी युवती के साथ संबंध था, जिसे लेकर कुछ लोगों से उसकी दुश्मनी पैदा हो गई थी। हालांकि, पुलिस अभी अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है ताकि हत्या की असली और पुख्ता वजह सामने आ सके।

फॉरेंसिक जांच और सबूतों की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। इसके साथ ही पुलिस मृतक राजेश के दोस्तों, परिजनों और रुई गांव के स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग हाथ लग सके।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित

राजेश की इस तरह सरेआम हुई हत्या के बाद रुई गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है। गांव में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटना स्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।