
जब बप्पी लहरी और लक्ष्मीकांत- प्यारेलाल में छिड़ गई थी जंग। (फोटो सोर्स: IMDb)
Bollywood Biggest Music Controversy: बॉलीवुड फिल्मों की एक खासियत होती है कि फिल्म भले ही हिट-सुपरहिट न हो लेकिन फिल्म का म्यूजिक एल्बम अधिकतर चार्टबस्टर ही होता है बॉलीवुड में ऐसी सैंकड़ों-हजारों फिल्में होंगी जिनके नाम किसी को याद नहीं होंगे लेकिन गाने लोगों की जुबान पर चढ़े होंगे। मगर इन गानों के लिए म्यूजिक कम्पोजर दूसरी भाषाओं या विदेशी गानों का म्यूजिक चोरी करते हैं और उसको थोड़ा बहुत बदल कर एक नया गण बना देते हैं। अगर देखा जाये तो म्यूजिक इंडस्ट्री में गाने की धुन की चोरी यानी प्लेजरिज्म नई बात नहीं है। ऐसा ही बॉलीवुड के दो गानों के साथ हुआ। दोनों ही गाने एक विदेशी गाने की कॉपी थे। लेकिन दिलचस्प बात ये थी कि दोनों को ही बनाने वाले कम्पोजर एक दूसरे पर गाना चोरी करने का आरोप लगा रहे थे। और एक-दूसरे पार 'अनएथिकल' होने का ठप्पा लगा रहे थे। आइये जानते हैं कौन से हैं वो दो गाने, और किस विदेशी गाने से उनको कॉपी किया गया था।
90 का वो दशक जब बॉलीवुड में ऐसे गाने बने जो आज भी संगीत प्रेमियों के मोबाइल की प्लेलिस्ट में सेव होंगे। ऐसे ही दो गाने हैं 'जुम्मा चुम्मा' और 'तम्मा तम्मा'। ये दो गाने आज भी कहीं भी बजते हैं तो पैर खुद-ब-खुद थिरकने लग जाते हैं। लेकिन ये दोनों गाने गिनी के सुपरस्टार मोरी कांटे के गाने के रीमेक हैं। बता दें कि बप्पी लाहिरी और लक्ष्मी-प्यारेलाल की जोड़ी ने दो अलग-अलग फिल्मों में इस अफ्रीकी गाने की धुन को इस्तेमाल किया था। चोरी की धुन पर भी दोनों म्यूजिक कम्पोजर के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिल चलता रहा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 80 के दशक के आखिर में गिनी के सिंगर और लिरिसिस्ट मोरी कांटे का म्यूजिक एल्बम 'अकवाबा बीच' (Akwaba Beach) रिलीज हुआ था, जिसने पूरी दुनिया में धूम मचा दी थी। इसी एल्बम के दो गानों 'तमा' (Tama) और 'ये के ये के' (Yé ké yé ké) पूरी दुनिया में जबरदस्त हिट हुए। चूंकि ये दौर वो दौर था जब इंटरनेट सीमित था और जब ये धुनें भारत में लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल और बप्पी लाहरी दो संगीत दिग्गजों के दिलों में उतर गईं।
1990 में आई संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'थानेदार' में बप्पी लाहिरी ने 'तम्मा तम्मा' गाना इसी धुन पर बनाया और ये गाना उस दौर का चार्टबस्टर सॉन्ग बन गया। बता दें कि इस गाने को सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था।
वहीं, 1991 में आई मल्टीस्टारर फिल्म 'हम' के लिए लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने 'जुम्मा चुम्मा' गाना इसी अफ्रीकी एल्बम की उसी धुन से बनाया था। इस गाने को अमिताभ बच्चन और किमी कटकर पर फिल्माया गया। बता दें कि इस गाने के बोल गीतकार आनंद बख्शी ने लिखे थे और कोरियोग्रॉफी चिन्नी प्रकाश ने की थी। गोरतलब ही कि दोनों ही गाने सुनने में एक जैसे थे, क्योंकि दोनों ने मोरी कांटे के गानों के कुछ हिस्से बिल्कुल वैसे के वैसे उठा लिए थे।
जब बॉलीवुड में इस बात की चर्चा होने लगी कि दोनों गाने एक ही धुन से चुराए गए हैं तो विवाद खड़ा हो गया। सबसे बड़ा सवाल यही था कि गाना सबसे पहले किसने रिकॉर्ड किया था। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का कहना था कि उन्होंने ‘जुम्मा चुम्मा’ को बप्पी लहरी से पहले रिकॉर्ड कर लिया था।
लेहरन रेट्रो को दिए इंटरव्यू में लक्ष्मीकांत ने कहा था, “हम उस गाने के शुरुआती 8 बार्स से प्रेरित थे।” यानी उन्होंने माना कि गाने की धुन का हिस्सा दूसरे स्रोत से लिया गया था।
वहीं, बप्पी लाहिरी ने पहले तो कहा, 'मुझे समझ नहीं आता इस विवाद का मतलब क्या है, क्योंकि यह गाना न उनका है, न मेरा।' लेकिन फिर तुरंत बाद वे उलट गए। उन्होंने दावा किया, 'बिल्कुल मेरा गाना ओरिजिनल है। मैंने मोरी कांटे के गाने से सिर्फ 8 बार्स लिए हैं।' आज के दौर में इसे सीधे तौर पर प्लेजरिज्म यानी चोरी माना जाता, लेकिन उस समय बॉलीवुड में इसे 'इंस्पिरेशन' कहकर टाल दिया जाता था।
विवादों के बावजूद दोनों गाने जबरदस्त हिट साबित हुए। आज भी शादी-पार्टियों में 'तम्मा तम्मा' और 'जुम्मा चुम्मा' बजते ही लोग डांस फ्लोर पर पहुंच जाते हैं। 2017 में बद्रीनाथ की दुल्हनिया में 'तम्मा तम्मा अगेन' के जरिए इस गाने को दोबारा पेश किया गया। नई पीढ़ी ने भी इसे उतना ही पसंद किया।
बॉलीवुड में यह मामला अकेला नहीं है। बप्पी लाहिरी ने खुद स्वीकार किया कि कॉपी करना एक परंपरा है। सलील चौधरी से लेकर आरडी बर्मन तक की कई रचनाएं विदेशी धुनों से प्रेरित बताई जाती हैं। 90s में ग्लोबलाइजेशन से पहले यह आसान था क्योंकि जानकारी सीमित थी। मोरी कांटे ने बाद में इन कॉपीज पर नाराजगी जताई थी। आज के युग में सोशल मीडिया और कॉपीराइट लॉ के कारण ऐसा करना लगभग असंभव है।
इन गानों की लोकप्रियता यह सवाल जरूर खड़ा करती है कि असली क्रेडिट किसे मिलना चाहिए था। बॉलीवुड संगीतकारों को या उस अफ्रीकी कलाकार को, जिसकी धुनों ने इन सुपरहिट गानों को जन्म दिया? शायद यही बॉलीवुड संगीत के उस दौर की सबसे बड़ी सच्चाई थी, जहां 'इंस्पिरेशन' और 'कॉपी' के बीच की रेखा अक्सर धुंधली हो जाती थी।
Updated on:
15 May 2026 07:07 pm
Published on:
15 May 2026 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
