23 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महाराष्ट्र: ड्राइवर बना रहा था रील, पलट गई बस! बच्चे की मौत और 25 यात्री घायल

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 19, 2026

Bus Accident in Maharashtra

समृद्धि महामार्ग पर बड़ा हादसा (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुलढाणा जिले के मेहकर टोल नाका के पास एक निजी ट्रैवल्स बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रील बनाने में व्यस्त था ड्राइवर, नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस चालक और क्लीनर चलती गाड़ी में मोबाइल पर रील बनाने में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि ड्राइवर गाड़ी चलाते हुए लापरवाही से वीडियो शूट कर रहा था और ध्यान सड़क से हट गया। टोल नाका नजदीक आने के बावजूद उसे इसका अंदाजा नहीं हुआ। अचानक मोड़ लेने की कोशिश में बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर के केबिन में 7-8 लोग बैठे थे, जिनमें से कुछ लोग उसका वीडियो बना रहे थे। इस दौरान ड्राइवर गाड़ी चलाते हुए अपनी कॉलर ऊपर करके नाच रहा था, जिससे हादसा हो गया। पुलिस ने ड्राइवर की इस लापरवाही के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस पलटकर कार से टकराई

तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण बस पलटने के बाद पास से गुजर रही एक कार से जा टकराई। इस टक्कर में कार को भी भारी नुकसान हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने से बढ़ा आक्रोश

हादसे के बाद घायलों को मेहकर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां करीब एक घंटे तक डॉक्टर मौजूद नहीं थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के एक घंटे बाद तक वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। कुछ घायलों को अन्य अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।

समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर ड्राइवरों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। खासकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति जानलेवा साबित हो रही है।