28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

TET Paper Leak: परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक हुआ महाराष्ट्र टीईटी का पेपर, परीक्षा से एक दिन पहले बड़ा फैसला

Maharashtra TET Exam: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक की आशंका के बाद परीक्षा से एक दिन पहले स्थगित कर दी गई। सरकार ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Ansari

Jun 27, 2026

TET Paper Postponed

पेपर लीक की आशंका के बाद महाराष्ट्र टीईटी स्थगित

Maharashtra Teacher Eligibility Test: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को पेपर लीक की आशंका के चलते परीक्षा से महज एक दिन पहले स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद सरकार ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह बड़ा फैसला लिया। परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों को इससे असुविधा का सामना करना पड़ेगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। वहीं, नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित किए जाने की संभावना जताई गई है।

पुलिस की छापेमारी में बरामद हुआ प्रश्नपत्र

एनडीटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रविवार को होने वाली महा-टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र कुछ असामाजिक तत्वों के हाथ लग चुका है और इसे लीक किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठाणे इलाके में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लीक हुआ प्रश्नपत्र सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने अब तक कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए अभी तक हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान उजागर नहीं की गई है।

तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का आदेश

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिषद के मुताबिक, पेपर लीक की आशंका के बीच परीक्षा आयोजित करना उन लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होता, जिन्होंने ईमानदारी से तैयारी की है। इसी कारण 28 जून 2026 को प्रस्तावित महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया गया, ताकि पूरी चयन प्रक्रिया की साख बनी रहे और किसी भी तरह की अनियमितता से बचा जा सके।

अब कब होगा एग्जाम?

अचानक ऐसे परीक्षा का स्थगित होना उन लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, जो पिछले कई महीनों से दिन-रात कड़ी मेहनत कर इस शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। परीक्षा पोस्टपोन होने की खबर आते ही सोशल मीडिया पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है और वे अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इस बीच, परीक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों को दिलासा देते हुए कहा है कि इस पूरे रैकेट की कड़ाई से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को पकड़ा जा सके। परिषद ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा की नई तारीखों और आगामी पूरे शेड्यूल को लेकर बेहद जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।