
Mumbai News : करोड़ों रुपए के हीरे के पार्सल फंसे, तीन दिन से आंगडिय़ा पेढ़ी में ताला लगा
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुंबई. देश में हीरा कारोबार के प्रमुख केंद्र मुंबई के बीकेसी स्थित भारत डायमंड बोर्स (बीडीबी) से एक आंगडिय़ा कथित तौर पर तीन दिन से लापता है। आंगडिय़ा की पेढ़ी नहीं खुलने से हीरा और आभूषण कारोबाारी परेशान हैं। आशंका जताई जा रही कि आंगडिय़ा के यहां करोड़ों रुपए के हीरे के पार्सल फंसे हो सकते हैं। आंगडिय़ा पेढ़ी का मुंबई मुख्यालय सहित सूरत कार्यालय भी बंद बताया जा रहा है।
बाजरा मे अटकलें
मिली जानकारी अनुसार यह आंगडिय़ा मुंबई और सूरत ही नही देश के अन्य शहरों में भी हीरा पार्सल की डिलीवरी करता है। आंगडिय़ा पेढ़ी क्यों बंद है, इस बारे में अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। इस कारण बाजार में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
देनदारी का मामला ?
बीडीबी सूत्रों के अनुसार बुधवार दोपहर तक आंगडिय़ा पेढ़ी खुली थी। दोपहर के बाद अचानक पेढ़ी बंद कर दी गई। हालांकि बीडीबी में हीरा कारोबार शाम तक होता है। पेढ़ी भी देर शाम तक खुली रहती थी। इसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को आंगडिय़ा की पेढ़ी नहीं खुली। आशंका जताई जा रही है कि किसी प्रॉपर्टी में निवेश पर उक्त आंगडिय़ां को भारी घाटा हुआ है। उस पर बड़ी देनदारी है, जिससे बचने के लिए आंगडिय़ा मालिक ने पेढ़ी बंद कर दी है।
भरोसे पर टिका कारोबार
बीडीबी अध्यक्ष अनूप मेहता ने माना कि तीन दिन से आंगडिया से संपर्क नहीं हो पाया है। मेहता ने कहा कि हम हीरा पार्सल पहुंचाने के लिए आंगडिया की मदद लेते हैं। हमारे सदस्य पूरे दस्तावेजी सबूत के साथ आंगडिया की सेवा लेते हैं। आंगडिया कारोबार भरोसे पर टिका है। आंगडिया कच्चे डायमंड पॉलिश के लिए सूरत सहित अन्य जगह पहुंचाते हैं और पॉलिश होने के बाद उसे वापस लाते हैं। इस सेवा के बदले आंगडिया को फीस मिलती है।
पहले निकल चुका दिवाला
सूत्रों के अनुसार नोटबंदी के बाद कारोबार में घाटे के चलते उक्त आंगडिया का दिवाला निकल चुका है। इसके बाद उसने छोटे स्तर पर कारोबार शुरू किया। सूत्रों के अनुसार दर्जन भर आंगडियों के बीच उसका कारोबार ठीक चल रहा था। एसे में अचानक पेढ़ी बंद कर उसके गायब होने पर तमाम सवाल उठाए जा रहे।
Published on:
19 Jun 2020 06:00 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
