27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तूने चिकन पीस ज्यादा खाया… 12 साल के मासूम की बड़े भाई ने की हत्या, पिता ने बताया ‘हादसा’

Maharashtra News: पुलिस को मृतक के पिता की कहानी पर संदेह हुआ। गहन पूछताछ और जांच के दौरान सच्चाई सामने आई कि यह हादसा नहीं, बल्कि मामूली झगड़े में की गई हत्या थी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Feb 27, 2026

Amravati Chicken Dispute Murder

अमरावती में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात (AI Image)

महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चिकन खाने को लेकर हुए मामूली विवाद में 12 वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप उसके ही 21 साल के चचेरे भाई पर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले को हादसा दिखाने के लिए झूठी शिकायत दर्ज कराने के आरोप में मृतक के पिता को भी आरोपी बनाया गया है।

चिकन के पीस को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना अमरावती के भातकुली क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, जितेराजा गौड (12) और उसके मौसी का बेटा बब्बू गौड (आरोपी) के बीच चिकन पीस (चिकन के टुकड़ों) ज्यादा खाने को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे की चीज से हमला कर घर के अंदर ही उसकी हत्या कर दी।

मृतक और आरोपी दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले थे और काम के सिलसिले में परिवार के साथ भातकुली तालुका में रह रहे थे। घटना के समय आरोपी के माता पिता घर पर नहीं थे और वह अपने चाचा के घर खाना खाने आया था।

पिता ने रचा हादसे का नाटक

हत्या के बाद मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। मृतक के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा और भतीजा पानी लेने बाहर गए थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि पुलिस को घटनास्थल की स्थिति और पिता के बयानों में विरोधाभास महसूस हुआ। पुलिस ने जब परिवार के सदस्यों से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। जांच में पता चला कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक हत्या का मामला है। मृतक के पिता पर भी केस दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी बब्बू गौड (12) ने खुद को भी घायल कर लिया, जिससे किसी को शक न हो।

पुलिस जांच में खुला राज

अमरावती पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सच्चाई का खुलासा किया। आरोपी बब्बू गौड को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, साक्ष्य छिपाने और झूठी शिकायत देने के आरोप में मृतक के पिता को भी हिरासत में लिया गया है।

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मामूली विवाद का इतना भयावह अंजाम होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।