9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत की पहली म्यूजिकल रोड विवादों में घिरी, ‘जय हो’ धुन पर लग सकता है ब्रेक! क्या है मामला

स्थानीय निवासियों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस सड़क के डेसिबल स्तर की जांच करने का फैसला किया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 09, 2026

Mumbai musical road Noise Complaint

म्यूजिकल रोड को लेकर बीएमसी में शिकायत, दिया ये आदेश (Photo: X/IANS)

भारत की पहली म्यूजिकल रोड (Melody Road) शुरू होने के एक महीने के भीतर ही विवादों में घिर गई है। दरअसल मुंबई के कोस्टल रोड पर गाड़ियों के गुजरने से बजने वाली 'जय हो' की धुन अब पास में रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। ब्रीच कैंडी इलाके के निवासियों ने इसको लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। बढ़ती शिकायतों को देखते हुए मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस सड़क के 'डेसिबल स्तर' (Noise Level) की जांच कराने का फैसला किया है।

निवासियों की शिकायत के बाद हरकत में BMC

इस मेलोडी रोड के करीब रहने वाले ब्रीच कैंडी इलाके के स्थानीय निवासियों ने हाल ही में बीएमसी कमिश्नर को पत्र लिखकर इस म्यूजिकल रोड से होने वाले शोर को लेकर आपत्ति जताई थी। उनका कहना है कि सड़क से आने वाली आवाज रात में काफी परेशान करती है और आसपास रहने वाले लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।

इसके बाद ही बीएमसी की ओर से कॉन्ट्रैक्टर को निर्देश दिया गया है कि वह नजदीकी आवासीय इमारत में जाकर शोर का डेसिबल स्तर मापे। साथ ही यह भी पता लगाने के लिए निर्देश दिए है कि इस आवाज को कम करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।

‘चैन से सोना मुश्किल हो गया...’

एक महिला निवासी ने बताया कि उनका घर इस सड़क के करीब है। सड़क से आने वाली आवाज काफी परेशान करने वाली है। रात में यह आवाज घरों में गूंजती है, जिससे रात की शांति भंग हो रही है और सोना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने बताया कि 6 मार्च को स्थानीय निवासियों के समूह ने बीएमसी को फिर से याद दिलाते हुए कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि करीब 650 परिवारों ने इस म्यूजिकल रोड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। लोगों का कहना है कि ऐसी सड़क घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में नहीं बनाया जाना चाहिए।

समाधान तलाशने में जुटी BMC

बीएमसी अब तकनीकी जांच के जरिए यह समझने की कोशिश कर रही है कि शोर का स्तर कितना है और इसे कम करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर शोर तय सीमा से ज्यादा पाया गया तो आवश्यक कदम उठाये जाएंगे।

60-80 किमी की रफ्तार पर सुनाई देती है धुन

मुंबई की इस अनोखी म्यूजिकल रोड को सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग अनुभव बेहतर बनाने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब यह स्थानीय निवासियों के लिए नई परेशानी बनती नजर आ रही है।

यह खास म्यूजिकल रोड उस जगह से शुरू होती है, जहां वाहन ब्रीच कैंडी के अंडरग्राउंड टनल से बाहर निकलते हैं। सड़क के पहले लेन में करीब 500 मीटर तक विशेष ग्रूव (Grooves) बनाए गए हैं। जब वाहन इन ग्रूव्स पर 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते हैं, तो फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर (Slumdog Millionaire) के मशहूर गीत ‘जय हो’ (Jai Ho Song) की धुन सुनाई देती है। यह धुन मुख्य रूप से वाहन के अंदर सुनाई देने के लिए डिजाइन की गई है, लेकिन अब आसपास के घरों तक भी इसकी आवाज पहुंचने की शिकायत सामने आई है।